अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ नगर निगम का सघन अभियान, ₹70 हजार से अधिक शमन शुल्क वसूला
Mishra Manish3 hours agoLast Updated: August 22, 2026
0 80 2 minutes read
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-2 और जोन-5 में कार्रवाई, अस्थायी अतिक्रमण हटाकर सामग्री जब्त
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण, यातायात अवरोध, गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग के खिलाफ शनिवार को सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण हटाने के साथ ही गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
🔴 जोन-2 में गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई
जोन-2 में जोनल अधिकारी मनोज कुमार यादव, जोनल सेनेटरी अधिकारी राम सकल यादव तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राजेश कुमार कुशवाहा एवं देवेन्द्र कुमार वर्मा की उपस्थिति में गुड शेड रोड, आर्यनगर, नाका एवं सेक्टर-13 राजाजीपुरम का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गुड शेड रोड पर नाली सफाई, सेक्टर-13 में घास कटिंग एवं साफ-सफाई तथा आर्यनगर में कूड़ा उठान का कार्य कराया जा रहा था।
इसके साथ ही प्रवर्तन दल (296) के सहयोग से खिन्नी चौराहा एवं ई-ब्लॉक, राजाजीपुरम क्षेत्र में अभियान चलाया गया। गंदगी करने वालों के विरुद्ध 06 चालान करते हुए ₹11,500 का शमन शुल्क वसूला गया। प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर 02 चालान कर ₹4,000 तथा अतिक्रमण के विरुद्ध 03 चालान कर ₹3,500 का शमन शुल्क वसूला गया।
🔴 जोन-5 में आलमबाग से चन्दर नगर तक अतिक्रमण हटाया
जोन-5 क्षेत्र में आलमबाग चौराहे से आलमबाग बस स्टैण्ड होते हुए चन्दर नगर भूमिगत पार्किंग तक दोनों पटरियों पर व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ठेला, ठेलिया, खुमचा, गुमटी एवं काउन्टर आदि के रूप में किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान 10 ठेले, 04 गुमटी और 08 काउन्टर हटाए गए।
अभियान के दौरान अतिक्रमण में प्रयुक्त 04 गैस सिलेण्डर, 02 लोहे की बेंच, 04 लकड़ी के तखत तथा 01 लोहे का काउन्टर भी जब्त किया गया। अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध ₹34,000 का शमन शुल्क वसूला गया। साथ ही गंदगी एवं पॉलीथीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹17,900 का शमन शुल्क भी वसूला गया।
जोन-5 में यह अभियान जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी प्रीती यादव, राजस्व निरीक्षक पियूष तिवारी, रूचि यादव, विवेक मिश्रा एवं राजू कुमार तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चौधरी, प्रमोद गौतम एवं आकांक्षा गोस्वामी सहित प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल शामिल रहा।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।