Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 25 मतदेय स्थल, डीएम ने राजनीतिक दलों संग की समीक्षा

बरेली में 6,722 मतदाता करेंगे मतदान, 29 सितंबर को अधिसूचना और 23 अक्टूबर को होगा मतदान

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं और प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मंडलायुक्त बरेली मंडल को रिटर्निंग ऑफिसर तथा बरेली समेत सभी नौ जिलों के जिलाधिकारियों को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में अधिसूचित किया गया है। इस निर्वाचन क्षेत्र में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा और संभल जिले शामिल हैं।

बरेली में 6,722 मतदाता, 25 मतदेय स्थल

जिला प्रशासन के अनुसार, छह जनवरी 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में बरेली जिले में कुल 6,722 मतदाता हैं। इनके लिए जिले में 25 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। बैठक में मतदेय स्थलों के प्रस्ताव से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वर्ष 2020 के द्विवार्षिक निर्वाचन के दौरान संजय गांधी कम्युनिटी सेंटर, बरेली को स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल के रूप में निर्धारित किया गया था।

29 सितंबर को अधिसूचना, 23 अक्टूबर को मतदान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके चलते रिक्त होने वाली सीट को भरने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया है। निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर है।

23 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से पहले पूरी कर ली जाएगी।

बैठक में बताया गया कि विधान परिषद निर्वाचन-2026 के मद्देनजर बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शामिल सभी नौ जिलों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आदर्श आचार संहिता के प्रावधान लागू रहेंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, नवाबगंज, मीरगंज, फरीदपुर और बहेड़ी के उप जिलाधिकारी, आंवला के तहसीलदार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!