परेड में एसएसपी की सख्ती, पीआरवी से लेकर बैरक तक परखी व्यवस्था,

पुलिसकर्मियों की फिटनेस जांचने को लगवाई दौड़, वर्दी और व्यवहार पर भी दिए निर्देश।
एटा। शुक्रवार की परेड में एसएसपी डॉ. इलामारन जि. ने पुलिस की फिटनेस के साथ-साथ फील्ड ड्यूटी की तैयारियों को भी परखा। पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट का निरीक्षण किया। निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने और आमजन से शालीन व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
फिटनेस परखने के लिए पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई गई। इसके बाद टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन और एकरूपता की जांच की गई।

पीआरवी की तैयारियों पर खास नजर
एसएसपी ने पीआरवी-112 वाहनों का निरीक्षण करते हुए लाइट, हूटर, पीए सिस्टम और सुरक्षा उपकरणों की जांच की। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से दंगा नियंत्रण एवं सुरक्षा उपकरणों की जानकारी ली। किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए रिस्पॉन्स टाइम बेहतर रखने के निर्देश दिए।
बैरक और मेस की व्यवस्था भी देखी
परेड के बाद एसएसपी ने मेस, कैंटीन, बैरक और पुलिस आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। साफ-सफाई के साथ पुलिसकर्मियों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था देखी। कर्मचारियों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।





