Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
विवरण

यूथ प्रीमियर लीग के लिए 110 क्रिकेटरों ने दिया ट्रायल

चयनित 60 खिलाड़ी वृंदावन में खेलेंगे डे-नाइट क्रिकेट, 50 ओवर के होंगे मुकाबले।

एटा। अलीगंज रोड स्थित बालाजी क्रिकेट एकेडमी में यूथ प्रीमियर लीग के लिए क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें जिलेभर से करीब 110 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। ट्रायल में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी प्रतिभा परखी गई। चयनित 60 खिलाड़ियों को वृंदावन में होने वाली डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा।
ट्रायल वृंदावन क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित यूथ प्रीमियर लीग के लिए कराया गया। बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच रवि यादव और वृंदावन क्रिकेट एकेडमी के कोच लोकेश तोमर ने खिलाड़ियों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी का ट्रायल लिया।
आयोजकों के अनुसार दो दिन बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद चयनित खिलाड़ी वृंदावन में आयोजित डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में 50-50 ओवर के मुकाबले खेले जाएंगे।
हिमांशु सिंह ने बताया कि वृंदावन क्रिकेट एकेडमी की ओर से यूथ प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे टी-20 क्रिकेट की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं, ऐसे में 50 ओवर का प्रारूप खिलाड़ियों को लंबी पारी खेलने और पूरे खेल को समझने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि एटा में लेदर क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कोच लोकेश तोमर ने बताया कि यूथ प्रीमियर लीग में 14, 16 और 19 वर्ष तक के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता अक्तूबर के अंत तक आयोजित किए जाने की योजना है। एटा में ट्रायल रखने का उद्देश्य यहां की प्रतिभाओं को भी बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
इस दौरान हिमांशु अमित, लोकेश तोमर, रवि यादव, सौरभ कुमार और सुधीर यादव मौजूद रहे।

ट्रायल में बल्लेबाजी करते युवा क्रिकेटर।

UP News Bureau

Show More

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!