निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही पर कई अधिकारियों पर गिरी गाज


डीएम ने राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक को निलंबित करने के लिए शासन को पत्र भेजने के दिए निर्देश
वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में चल रही विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार एवं परियोजनावार प्रगति, कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा और निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान लापरवाही मिलने पर कई अधिकारियों एवं अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, भदोही के परियोजना प्रबंधक को निर्माण कार्यों में लापरवाही पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा विभागीय कार्रवाई के साथ निलंबन के लिए शासन को पत्र भेजने का निर्देश दिया। वहीं उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा मुख्य अभियंता से स्पष्टीकरण तलब कर विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में सीएम ग्रिड योजना के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तथा चीफ इंजीनियर से स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दो सहायक अभियंताओं का वेतन रोकने, जबकि लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता से स्पष्टीकरण तलब करते हुए विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने को कहा गया। इसके अलावा अधिशासी अभियंता, नलकूप खंड-प्रथम का वेतन रोकने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि, बजट, विद्युत, विभागीय समन्वय अथवा अन्य कारणों से कार्य प्रभावित हो रहा है, उनका तत्काल समाधान कराया जाए। आपसी समन्वय से लंबित कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यदायी संस्थाएं प्रत्येक परियोजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित निगरानी करें और प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराएं। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर जनसामान्य के उपयोग में लाया जाए।
डीएम सत्येन्द्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाएं सीधे जनहित से जुड़ी हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी गतिमान परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। साथ ही सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित करते हुए जनता को समय से परियोजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



