दो दिवसीय रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,

आदिनाथ भगवान की शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत।
जलेसर/एटा। पर्युषण महापर्व के अवसर पर नगर में देवाधिदेव प्रथम तीर्थंकर श्री 1008 आदिनाथ भगवान की दो दिवसीय रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा के दौरान जैन समाज के लोगों ने जगह-जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
पहले दिन रथयात्रा श्री 1008 अजितनाथ जिनालय शेरगंज से शुरू होकर कटरा चुंगी, शेरगंज, बड़ा बाजार, नाला बाजार, मंडी, जवाहरगंज होते हुए महावीरगंज स्थित श्री 1008 चमत्कारी पारसनाथ जैन मंदिर पहुंची। दूसरे दिन यात्रा महावीरगंज से शुरू होकर बड़े जैन मंदिर शेरगंज में संपन्न हुई।
आगरा से आए सुधीर बैंड के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। रथयात्रा के समापन के बाद वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। रथ पर पात्र बनने का सौभाग्य संजीव जैन, हर्षित जैन, रवि जैन, निखिल जैन, विकास जैन, राजू जैन और आनंद जैन को मिला।
शोभायात्रा में अध्यक्ष अनिल कुमार जैन, मंत्री कैलाश चंद्र जैन, महेश चंद्र जैन, महेंद्र कुमार जैन, नरेंद्र कुमार जैन, अशोक कुमार जैन, पदमचंद जैन, टिंकल जैन समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।



