भागवत कथा में निकली भव्य कलश यात्रा,

पहले दिन 22 यजमानों ने पितरों की शांति के लिए कराया पूजन।
जलेसर/एटा। नगर के श्रीनागेश्वर महादेव मंदिर आश्रम में श्राद्ध पक्ष के दौरान आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। नगर में निकली कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रथम दिन 22 यजमानों ने अपने पितरों के कल्याण और सद्गति के लिए पोथी पाठ कराया। आचार्य चेतन वशिष्ठ और आचार्य अंकित उपाध्याय के सानिध्य में पितरों का विधि-विधान से पूजन कराया गया।
कथा व्यास पंडित ठाकुरदास पालीवाल ने भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कथा के माध्यम से मनुष्य अपने भीतर स्थित परम तत्व को जानने और भगवत कृपा प्राप्त करने का मार्ग समझ सकता है। उन्होंने नारद-भक्ति महारानी संवाद, गोकर्ण-धुंधकारी प्रसंग आदि का संगीतमय वर्णन किया।
संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
मंदिर के महंत श्री चंद्रानंद गिरि महाराज ने मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डाला और मंदिर निर्माण में सहयोग करने वाली विभूतियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि कथा और मंदिर परिसर सभी के लिए हैं।
इस दौरान मोहन सिंह, हैप्पी सिंह, अजय मोहन शर्मा, प्रताप सिंह सिसोदिया, पुष्पेंद्र कुमार कुशवाहा, अरुण सराफ, विजय बंसल, अंकित गुप्ता, लाज पालीवाल, छाया मिश्रा, राधा रानी और सुमन आदि मौजूद रहे।




