Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

चोरी के मामले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार और दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

वाराणसी के रोहनिया थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो टुल्लू पंप, एक कटर मशीन और एक छोटा जनरेटर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम एवं चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में थाना रोहनिया पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त को वादी ने रोहनिया थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा घर से कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टुल्लू पंप, तार, टेबल फैन और 20 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान चोरी किए जाने की शिकायत की थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
इसी क्रम में पुलिस ने 18 अगस्त की सुबह करीब 5:10 बजे रोहनिया थाना क्षेत्र के शीतलेश्वर महादेव मंदिर, अखरी के पास हाईवे की सर्विस लेन से रवि (22), विनीत मौर्या (19) और चंदन (करीब 18 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रोहनिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0266/2026 के तहत धारा 305(ए) व 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
बरामद सामान: दो टुल्लू पंप, एक कटर मशीन और एक छोटा जनरेटर।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक श्याम बाबू, हेड कांस्टेबल अमरनाथ यादव, वेद प्रकाश राय, जयकान्त पाण्डेय, चन्द्रदीप मौर्या तथा कांस्टेबल अरविन्द यादव और श्रीकान्त यादव शामिल रहे।

Pravin Chaubey

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!