Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

बरेली में फिर बदला मौसम, रिमझिम बारिश से बढ़ी चिंता; 27 तक भारी बारिश का अलर्ट

तेज हवा और आकाशीय बिजली की चेतावनी, धान की तैयार फसल को नुकसान का डर

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। दोपहर बाद से कई इलाकों में रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम विभाग ने 27 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी जारी की है। मौसम के इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

धान की तैयार फसल को लेकर किसान चिंतित

खेतों में धान की फसल अब पकने की स्थिति में पहुंच चुकी है। कई क्षेत्रों में कटाई की तैयारी चल रही है, जबकि कुछ स्थानों पर कटाई शुरू भी होने वाली है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने पर खेत में खड़ी फसल के गिरने की आशंका है। इससे किसानों को उत्पादन प्रभावित होने का डर सता रहा है।

मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा या किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रहने को कहा गया है।

एडीएम के अनुसार आपातकालीन सेवाओं से जुड़े अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे। जन-धन की क्षति होने पर तत्काल इसकी सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़, बिजली के खंभों तथा अस्थायी निर्माण से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने और खुले में न निकलने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को प्रसारित न करने की भी अपील की है।

उधर, बारिश के कारण आसपास के जिलों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और बहराइच में 26 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने सभी बोर्ड के विद्यालयों के लिए आदेश जारी किया है।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!