बरेली: रंजिशन युवक की गला रेतकर हत्या, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा

रंजिश में वारदात का आरोप, खेतिहर युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव; एसपी साउथ ने किया मौका मुआयान, परिजनों से की पूछताछ
उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के गांव कंधरपुर में शनिवार को 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते युवक की गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कंधरपुर गांव निवासी श्याम सिंह (28) पुत्र बद्री प्रसाद खेती-किसानी करते थे। परिवार में पत्नी के अलावा उनके तीन बच्चे हैं। शनिवार को श्याम सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की जानकारी पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आंवला कोतवाल बीनू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सात साल से रंजिश चलने का आरोप
मृतक के भाई मुन्नालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह-सात वर्ष पहले उनके पिता बद्री प्रसाद ने कंधरपुर निवासी मोर सिंह पुत्र काशीराम को मिट्टी के तेल की कथित कालाबाजारी करते हुए पकड़वाया था। मुन्नालाल का आरोप है कि इसी बात को लेकर मोर सिंह उनके परिवार से रंजिश मानता था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते मोर सिंह, गजराम पुत्र काशीराम, रूम सिंह पुत्र गनेशी और भूपराम पुत्र ओमकार ने श्याम सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव छोड़ दिया गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मोर सिंह, गजराम, रूम सिंह और भूपराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे बताई जा रही पुरानी रंजिश के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है।
एसपी साउथ ने किया मौका मुआयना
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और मृतक के परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गांव के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।




