Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking Newsउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)

ट्रेड शो में छाए एटा के पीतल उत्पाद और चिकोरी,

जलेसर के घुंघरू, घंटी और घंटा ने खींचा खरीदारों का ध्यान, चिकोरी को भी मिल रही अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान।

एटा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में एटा के स्थानीय उत्पाद अपनी खास पहचान बना रहे हैं। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर (IEML) में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में जलेसर के पीतल उत्पादों के साथ चिकोरी और अन्य स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उद्यमियों एवं खरीदारों ने इन उत्पादों में रुचि दिखाई है।
जनपद से एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) के तहत बाल गोविंद बंसल की मैसर्स बालाजी ट्रेडिंग कंपनी, जलेसर द्वारा पीतल उत्पादों की स्टॉल लगाई गई है। वहीं जलेसर के जीआई टैग से जुड़े पारंपरिक पीतल हस्तशिल्प उत्पादों के तहत मोहम्मद नईम अंसारी की मैसर्स आर्ट मेटल वेयर की ओर से घुंघरू, घंटी, घंटा समेत अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।

चिकोरी उत्पाद में खरीदारों की रुचि
एक जनपद एक व्यंजन, (ODOP/ODOC) के तहत जितेंद्र कुमार मित्तल की मैसर्स चिकोरी एंटरप्राइजेज द्वारा चिकोरी उत्पाद का प्रदर्शन किया जा रहा है। ट्रेड शो में नए उद्यमियों और खरीदारों ने चिकोरी उत्पाद के बारे में जानकारी ली। उद्यमियों की ओर से उत्पाद की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया भी दी गई।
महिला उद्यमी ने बताया उपयोगी मंच
अलीगंज की महिला उद्यमी संगीता मौर्य की मैसर्स श्री गंगासहाय शाक्य मिनी फ्लोर मिल भी ट्रेड शो में प्रतिभाग कर रही है। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पादों को प्रदर्शित करने और नए बाजारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों से महिला उद्यमियों को भी अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के अवसर मिलते हैं।

जलेसर के हस्तशिल्प को मिल रही नई पहचान,
मोहम्मद नईम अंसारी ने हस्तशिल्पियों को निशुल्क स्थल उपलब्ध कराने के लिए सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के माध्यम से जलेसर के पारंपरिक घुंघरू, घंटी और घंटा जैसे पीतल उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।
बालाजी ट्रेडिंग कंपनी की स्टॉल पर आगंतुकों, उद्यमियों और खरीदारों ने घुंघरू, घंटी, मूर्ति और अन्य पीतल उत्पादों में रुचि दिखाई। कई लोगों ने उत्पादों की जानकारी लेने के साथ सैंपल के तौर पर खरीदारी भी की। वहीं चिकोरी उत्पाद के बारे में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उद्यमियों ने जानकारी प्राप्त की।

मंत्री सुरेश खन्ना ने देखा ODOC पवेलियन,
ट्रेड शो के चौथे दिन 28 सितंबर को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान एटा के स्थानीय उत्पादों ने भी आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, एटा अर्चना कुमारी ने जिले के उद्यमियों से 29 सितंबर को ट्रेड शो के अंतिम दिन इसमें पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इच्छुक उद्यमी आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर ट्रेड शो में पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस मंच और उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Amit Kumar
Amit Kumar (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!