Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

सफाई के ठेके पर घमासान: LSA को काम देने की तैयारी के खिलाफ छह पार्षद एकजुट

भाजपा-सपा पार्षदों ने खोला मोर्चा; मेयर, विधायक और संगठन को भेजा विरोध पत्र, बोले—सदन के फैसले की अनदेखी कर संस्था बदलने की तैयारी

राजधानी की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन और पार्षदों के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। छह वार्डों में सफाई का जिम्मा लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) को सौंपे जाने की कवायद के विरोध में भाजपा और सपा के पार्षद एक मंच पर आ गए हैं। पार्षदों ने महापौर सुषमा खर्कवाल, क्षेत्रीय विधायक और संगठन को पत्र भेजकर इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है।

🔴 पार्षदों का सवाल—जब मौजूदा व्यवस्था से संतुष्ट, तो बदलाव क्यों?

महानगर वार्ड के भाजपा पार्षद हरीश चंद्र लोधी, अयोध्या दास प्रथम के मुसव्विर अली, अयोध्या दास द्वितीय के अवधेश त्रिपाठी, फैजुल्लागंज द्वितीय की प्रियंका वाजपेयी, गोमती नगर के कौशल पांडेय और कदम रसूल वार्ड के सपा पार्षद नदीम खान ने इस कवायद का विरोध किया है।

पार्षदों का कहना है कि उनके वार्डों में वर्तमान में काम कर रही सफाई संस्थाओं की व्यवस्था से क्षेत्रीय जनता और वे स्वयं संतुष्ट हैं। ऐसे में उनकी सहमति के बिना संस्था बदलकर LSA को जिम्मेदारी देने की तैयारी सवाल खड़े करती है।

🔴 सदन के फैसले का दिया हवाला

पार्षदों ने अपने पत्र में नगर निगम सदन के उस निर्णय का भी हवाला दिया है, जिसमें क्षेत्रीय पार्षद की संस्तुति या अनुमति के बिना वार्ड की सफाई संस्था नहीं बदलने की बात तय हुई थी। आरोप है कि इसके बावजूद पार्षदों को विश्वास में लिए बिना नई संस्था को काम सौंपने की कवायद की जा रही है।

🔴 सुरेश खन्ना के निरीक्षण के बाद सफाई व्यवस्था पहले ही सवालों में

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब बीते दिनों लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के निरीक्षण में शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था खराब मिली थी। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। ऐसे में LSA को और वार्डों की जिम्मेदारी देने की तैयारी ने राजनीतिक और प्रशासनिक बहस को और तेज कर दिया है।

🔴 मेयर बोलीं—पत्र नहीं मिला, नगर आयुक्त से करूंगी बात

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा, “पार्षदों का अभी कोई पत्र नहीं मिला है। बीते दिनों प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के शहर के निरीक्षण में कई जगह बदतर व्यवस्था मिली थी और कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। फिलहाल इस संबंध में नगर आयुक्त से बात की जाएगी।”

अब निगाह इस बात पर है कि पार्षदों के विरोध के बाद नगर निगम प्रशासन LSA को इन वार्डों की सफाई व्यवस्था सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ाता है या इस पर पुनर्विचार करता है।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!