वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर ग्रामीणों का हमला, नौगढ़ में जमकर चले लाठी-डंडे


चंदौली में नौगढ़ क्षेत्र के भरदुआ गांव में बुधवार को वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची राजस्व, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में प्रशासनिक टीम और ग्रामीण पक्ष के कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
बताया गया कि वन भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग, वन विभाग और पुलिस की टीम भरदुआ गांव पहुंची थी। टीम द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने के दौरान कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए बवाल से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों के लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि घायलों की संख्या और उनकी चोटों की स्थिति के संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बवाल करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।
वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए इस बवाल ने क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





