Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

त्योहार का सीजन बीता तो हवाई किराया धड़ाम, दिल्ली-नोएडा का टिकट 3500 रुपये से शुरू

रक्षाबंधन के बाद घट गई यात्रियों की संख्या, मांग कम होते ही एयरलाइंस ने घटाए किराये; नवी मुंबई का टिकट भी सात हजार रुपये तक सस्ता

हवाई सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है। बरेली से दिल्ली, नोएडा और नवी मुंबई जाने वाली फ्लाइटों का किराया तेजी से नीचे आया है। रक्षाबंधन के बाद यात्रियों की संख्या घटने का सीधा असर टिकट की कीमतों पर पड़ा है। कुछ रूटों पर किराया छह से सात हजार रुपये तक कम हुआ है। दिल्ली और नोएडा का टिकट अब करीब 3,500 से 5,300 रुपये के बीच मिल रहा है।

रक्षाबंधन के आसपास बरेली एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 420 से 425 यात्रियों का आवागमन हो रहा था। अब यह संख्या घटकर करीब 340 से 350 रह गई है। यात्रियों की मांग कम होने के बाद एयरलाइंस के किराये में भी गिरावट दर्ज की गई है। रक्षाबंधन के दौरान बरेली से दिल्ली और नोएडा के बीच हवाई टिकट की कीमत 13 हजार रुपये तक पहुंच गई थी। नवी मुंबई और बंगलूरू के टिकट भी महंगे हो गए थे। अब 14 से 21 सितंबर के बीच दिल्ली और नोएडा रूट पर किराये में करीब छह हजार रुपये और नवी मुंबई के किराये में सात हजार रुपये तक की कमी सामने आई है।

14 सितंबर को नोएडा से बरेली का किराया 3,591 रुपये और बरेली से नोएडा का 4,526 रुपये है। 16 सितंबर को नोएडा से बरेली के लिए 4,883 रुपये और बरेली से नोएडा के लिए 4,265 रुपये किराया है। 18 सितंबर को यही किराया क्रमशः 3,591 और 4,265 रुपये है। दिल्ली रूट पर भी यात्रियों को राहत मिली है। 15 सितंबर को दिल्ली से बरेली का किराया 6,137 रुपये और बरेली से दिल्ली का 4,895 रुपये है। 17 सितंबर को दिल्ली से बरेली का किराया 6,137 और बरेली से दिल्ली का 5,341 रुपये है। 19 सितंबर को दिल्ली से बरेली के लिए 5,717 रुपये और बरेली से दिल्ली के लिए 4,685 रुपये किराया है।

बरेली से नवी मुंबई के बीच हवाई टिकट अब करीब 6,700 से 7,000 रुपये के बीच मिल रहा है। हालांकि कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया करीब 9,400 रुपये है। पिछले दिनों इस रूट पर टिकट काफी महंगे हो गए थे।

बरेली-बंगलूरू रूट पर किराये में ज्यादा राहत नहीं मिली है। 14 से 17 सितंबर के बीच नॉन स्टॉप फ्लाइट का किराया करीब 13,321 रुपये और कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 15,321 रुपये है। इस रूट पर टिकटों की मांग अभी बनी हुई है। एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल के मुताबिक टिकटों की मांग कम होने की वजह से किराये में गिरावट आई है। सितंबर-अक्तूबर में आमतौर पर यात्रियों की संख्या कम रहती है, जिसका असर हवाई टिकट की कीमतों पर भी दिखाई देता है।

Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!