लखनऊ। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने गुरुवार को प्रतापगढ़-जंघई रेलखंड पर चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण और स्टेशन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौरा, सुवंसा, बादशाहपुर और नीभापुर रेलवे स्टेशनों का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
🔴 19.38 किमी रेलखंड पर चल रहा दोहरीकरण कार्य डीआरएम ने गौरा से नीभापुर तक करीब 19.38 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। गौरा स्टेशन पर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
🔴 सुवंसा स्टेशन पर विकास कार्यों की समीक्षा सुवंसा स्टेशन पर उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन भवन, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, पैनल रूम, प्लेटफॉर्म समेत अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
🔴 ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं बादशाहपुर स्टेशन पर स्थानीय ग्रामीणों ने रेल सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं और सुझाव डीआरएम के सामने रखे। डीआरएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
🔴 यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर नीभापुर स्टेशन पर निर्माणाधीन स्टेशन भवन और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया। डीआरएम ने यात्री शेड, पेयजल, टिकटिंग व्यवस्था और शौचालयों की स्थिति का जायजा लेकर सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
🔴 सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा इसके बाद डीआरएम ने नीभापुर से लखनऊ तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल मार्ग की संरक्षा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। हरचंदपुर रेलवे क्रॉसिंग संख्या-163 स्पेशल पर भी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी ब्रजेश कुमार यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव सहित मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।