Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि के तहत विकास कार्यों पर मंथन

महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक, सड़क, लाइब्रेरी, पार्क और एयर क्वालिटी सुधार के बड़े प्रस्ताव

लखनऊ: नगर निगम में मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, एडीएम एफआर राकेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरविन्द कुमार राव, सीएफओ महामिलिंद लाल, चीफ इंजिनियर सिविल महेश वर्मा, चीफ इंजिनियर आरआर मनोज प्रभात, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, एलडीए एवं पीडब्लूडी के अधिकारी व समस्त अधिशाषी अभियंता मौजूद रहे। बैठक में अवस्थापना निधि और 15वें वित्त आयोग के तहत मिलने वाली धनराशि से शहर में कराए जाने वाले विकास कार्यों पर चर्चा की गई।

🟥 अवस्थापना निधि से मिले 169.39 करोड़ रुपये

बैठक में बताया गया कि अवस्थापना निधि के तहत नगर निगम को कुल 169.39 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। पहले से स्वीकृत कार्यों और अतिरिक्त आवश्यकताओं को समायोजित करने के बाद लगभग 99.13 करोड़ रुपये नए विकास कार्यों के लिए उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस राशि से शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

🟥 सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, शिक्षा और बेहतर सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, शिक्षा और अवस्थापना सुविधा, कूड़ा प्रबंधन और वायु गुणवत्ता सुधार को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी गई। नगर निगम द्वारा पार्कों के विकास, फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण, आधुनिक लाइब्रेरी और विद्यालय निर्माण, मेकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन तथा सड़क और पेयजल व्यवस्था सुधार जैसे कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।

🟥 जानकीपुरम में बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी

जानकीपुरम सेक्टर-एफ में इंजीनियरिंग कॉलेज के पास करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसमें बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए अलग-अलग सुविधाएं होंगी। इसके साथ बैंक और पब्लिक लाइब्रेरी की व्यवस्था भी की जाएगी।

🟥 सड़क, नाला और स्कूल निर्माण पर बड़ा बजट

बैठक में सड़क और नाली निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा निगम विद्यालयों के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये तथा सामुदायिक केंद्र, कल्याण मंडप और उत्सव वाटिका के निर्माण एवं विकास के लिए भी 20 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इन कार्यों से नागरिक सुविधाएं बेहतर होंगी और नगर निगम की आय भी बढ़ेगी।

🟥 केंद्रीय कार्यशाला और आरआर कार्यालय निर्माण को मंजूरी

बैठक में जोन-7 के सर्वोदय नगर में नई केंद्रीय कार्यशाला और आरआर कार्यालय के निर्माण एवं विकास के लिए 10 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट को मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुराने केंद्रीय कार्यशाला परिसर की जगह नए मुख्यालय भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते नई कार्यशाला और कार्यालय की आवश्यकता महसूस की गई।

🟥 पार्क, वेंडिंग जोन और फ्लाईओवर क्षेत्र का होगा विकास

लक्ष्मण पार्क, शहीद पार्क और अन्य थीम पार्कों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही नाला निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं वेंडिंग जोन के निर्माण और विकास पर 10 करोड़ रुपये तथा फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण, पार्किंग और स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए भी 10 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया।

🟥 पेयजल, स्ट्रीट लाइट और कूड़ा प्रबंधन पर भी जोर

बैठक में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए ओवरहेड वाटर टैंक के जीर्णोद्धार और 20 नए ट्यूबवेल लगाने की योजना पर चर्चा हुई। इसपर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट और विद्युतीकरण कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये तथा हार्टीकल्चर वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और कूड़ा प्रबंधन कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए।

🟥 15वें वित्त आयोग से वायु गुणवत्ता सुधार कार्यों को मिली रफ्तार

बैठक में 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत वर्ष 2025-26 में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए नगर निगम लखनऊ को प्राप्त 8.62 करोड़ रुपये की धनराशि से कराए जाने वाले कार्यों को भी मंजूरी दी गई। यह अनुदान प्रदेश के ‘मिलियन प्लस सिटी’ श्रेणी के नगरीय निकायों को एयर क्वालिटी बेहतर बनाने के उद्देश्य से दिया गया है। इस धनराशि का उपयोग भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा।

🟥 रोड स्वीपिंग मशीन और सड़कों के निर्माण पर खर्च होगी धनराशि

नगर निगम द्वारा प्रस्तुत कार्ययोजना के तहत एसबीएम 2.0 योजना में स्वीकृत 10 मेकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन के लिए लगभग 4.74 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। इसके अलावा शहर में धूल और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से एज-टू-एज सड़क निर्माण कार्यों पर लगभग 4.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार इन कार्यों से शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और वायु गुणवत्ता में सुधार आएगा।

🟥 “जनसुविधाओं के साथ स्वच्छ और आधुनिक लखनऊ बनाना हमारी प्राथमिकता” : महापौर सुषमा खर्कवाल

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य लखनऊ को बेहतर आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक व्यवस्थाओं से युक्त शहर बनाना है। अवस्थापना निधि और 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि का उपयोग जनहित को प्राथमिकता देते हुए सड़क, नाला, पेयजल, पार्क, लाइब्रेरी, विद्यालय, वेंडिंग जोन और एयर क्वालिटी सुधार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी बल्कि नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएं ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!