Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

शाहजहांपुर: सुपोषित भारत अभियान में 450 मरीजों की जांच, छह बच्चे और 10 गर्भवती महिलाएं एनीमिया से ग्रसित मिलीं

21 से 30 सितंबर तक चलेगा अभियान, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कुपोषण, गर्भावस्था और पोषण को लेकर दी जरूरी जानकारी

मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा भारती शाहजीपुर महानगर की ओर से सोमवार को वन स्टॉप सेंटर में ‘सुपोषित भारत अभियान’ का शुभारंभ किया गया। भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान अतिथियों को तुलसी के पौधे भेंट किए गए।

अभियान के तहत 21 से 30 सितंबर तक महानगर क्षेत्र में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव मिश्रा ने बच्चों में कुपोषण के कारण, इसके प्रभाव और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार और उचित पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. इंदु ने महिलाओं को स्त्री रोगों, गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य देखभाल और पोषण संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी। जिला अस्पताल से डॉ. निषाद के नेतृत्व में टीम भी स्वास्थ्य शिविर में मौजूद रही।

शिविर में करीब 450 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान छह बच्चे एनीमिया से ग्रसित पाए गए, जबकि 10 गर्भवती महिलाओं में भी एनीमिया की पुष्टि हुई। इसके अलावा 22 लोगों की शुगर की जांच की गई। जिला अस्पताल की ओर से जांच के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। बच्चों को कार्यक्रम में अल्पाहार भी वितरित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और इलाज कराने में असमर्थ परिवार सत्यानंद अस्पताल में निश्शुल्क उपचार की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। सेवा भारती का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य और पोषण संबंधी सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई परिवार उपचार से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में सेवा भारती की विभागाध्यक्ष सीमा बाजपेयी, मुख्य संरक्षक सोनिया राठौर, अल्पना श्रीवास्तव, प्रांत सह सेवा प्रमुख चंदन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!