शाहजहांपुर: किसानों के लिए बड़ी सौगात: 6 लाख रुपये तक बिना कोलेटरल ऋण की सुविधा

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, 6 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा ऋण; समय पर किस्त चुकाने पर ब्याज अनुदान का लाभ
किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और कृषि व उससे जुड़ी गतिविधियों के विस्तार के उद्देश्य से बुधवार को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया गया। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना की शुरुआत की। शाहजहांपुर के गांधी भवन, टाउन हॉल में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया।

योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को 6 लाख रुपये तक बिना कोलेटरल ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए ऋण पर छह प्रतिशत की प्रभावी वार्षिक ब्याज दर निर्धारित की गई है। समय पर किस्तों का भुगतान करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना में आसान ईएमआई और ऑनलाइन पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से ऋण स्वीकृति की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को केवल पारंपरिक कृषि गतिविधियों के लिए ही नहीं, बल्कि कृषि से जुड़ी विभिन्न आयवर्धक गतिविधियों के लिए भी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें कृषि यंत्रीकरण, सब्जी खेती, दुग्ध प्रसंस्करण, भूमि सुधार, पशुपालन और मत्स्य पालन शामिल हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा और फुटवियर जैसी निर्धारित अकृषिक गतिविधियों के लिए भी ऋण की सुविधा दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी किसानों को ऋण आवंटन पत्र वितरित किए गए। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक अरविंद सिंह और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने योजना की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इसी कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी का भी शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने किसानों और लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की।




