Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

नौकरी से हटाने पर सफाईकर्मियों का प्रदर्शन, फैजुल्लागंज के तीन वार्डों में सफाई ठप

LSA में काम न मिलने से नाराज कर्मचारी झाड़ू-पंजा लेकर सड़क पर उतरे; नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर किया विरोध, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

नौकरी से हटाए जाने के विरोध में सफाई कर्मचारियों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। पहले फैजुल्लागंज में कर्मचारियों ने झाड़ू और पंजा लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।

कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से कार्यदायी संस्था के माध्यम से शहर में सफाई का काम कर रहे थे, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें लखनऊ स्वच्छता अभियान कंपनी (LSA) में काम नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने आशंका जताई कि इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

🔴 कर्मचारियों का आरोप- 12,500 का भुगतान, हाथ में मिलते हैं 6 से 8 हजार

प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने वेतन को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि उन्हें हर महीने केवल 6 से 8 हजार रुपये ही मिलते हैं, जबकि संबंधित कार्यदायी संस्था को नगर निगम की ओर से प्रति कर्मचारी करीब 12,500 रुपये का भुगतान किए जाने की बात कही जा रही है।

सफाई कर्मचारियों ने कंपनी के अधिकारियों पर मनमानी और उत्पीड़न का आरोप लगाया सफाई कर्मचारियों ने कहा कि कंपनी पर्याप्त संसाधन नहीं देती कर्मचारी अर्जुन ने लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड के हर वैभव त्रिपाठी और जोनल अधिकारियों पर संसाधन उपलब्ध न करवाने का आरोप लगाया वहीं कर्मचारियों ने 2 से ₹3000 वसूली का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया।

कर्मचारियों ने मांग की कि इस अंतर की जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि नगर निगम से भुगतान होने के बावजूद उन्हें निर्धारित पूरी रकम क्यों नहीं मिल रही।

🔴 तीन वार्डों में नहीं लग सकी झाड़ू

प्रदर्शन का असर सफाई व्यवस्था पर भी पड़ा। खासतौर पर फैजुल्लागंज के तीनों वार्डों में कई जगह झाड़ू नहीं लग सकी और नियमित सफाई कार्य प्रभावित रहा। कर्मचारियों के काम पर नहीं जाने से कुछ इलाकों में कूड़ा और गंदगी भी बनी रही।

🔴 नगर निगम मुख्यालय पहुंचे कर्मचारी

फैजुल्लागंज में प्रदर्शन के बाद कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। यहां भी उन्होंने रोजगार और वेतन से जुड़ी मांगों को लेकर नारेबाजी की। कर्मचारियों की नाराजगी को देखते हुए अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता उनके बीच पहुंचे और प्रतिनिधियों से बातचीत की।

अपर नगर आयुक्त की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी शांत हुए।

🔴 मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन जारी रहेगा

सफाई कर्मचारियों ने साफ कहा कि फिलहाल उन्हें केवल आश्वासन मिला है। यदि रोजगार बहाल करने और वेतन से जुड़ी उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी रोजी-रोटी और मेहनत के पूरे भुगतान के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

मनीष मिश्रा

राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!