Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

गांधी प्रतिमा से गूंजा स्वच्छता का संकल्प, लखनऊ के 110 वार्डों में एक साथ शुरू हुआ वृहद सफाई अभियान

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने किया शुभारंभ
महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आठों जोन के सभी 110 वार्डों में चला विशेष स्वच्छता अभियान

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ द्वारा आयोजित वृहद सफाई अभियान का शुभारंभ हजरतगंज चौराहे पर स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा से वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल जी ने की।

अभियान की शुरुआत हजरतगंज चौराहे पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा से की गई। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना जी, महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षदगणों की उपस्थिति में प्रतिमा के आसपास साफ-सफाई कराई गई तथा प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके बाद अभियान के क्रम में डॉ. बी.आर. अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल एवं वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमाओं के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, मुख्यालय सह प्रभारी भाजपा कार्यालय लखनऊ, उत्तर प्रदेश चौधरी लक्ष्मण सिंह, पार्षदगण अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

🔴 आठों जोन के सभी 110 वार्डों में एक साथ चला अभियान
अभियान के शुभारंभ के साथ ही नगर निगम लखनऊ के आठों जोन के सभी 110 वार्डों में वृहद सफाई अभियान शुरू किया गया। अभियान की शुरुआत प्रातः 6 बजे से हुई। प्रत्येक वार्ड के लिए एक अधिकारी को नामित किया गया है, जिनके नेतृत्व में संबंधित वार्डों में सफाई, कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई सहित विभिन्न स्वच्छता कार्य कराए जा रहे हैं।

🔴 प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा और स्वच्छता को समर्पित अभियान
इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा और स्वच्छता को समर्पित यह अभियान समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लखनऊवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

🔴 महापौर ने दी प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा और स्वच्छता को समर्पित यह अभियान उनके ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। लखनऊ के सभी आठों जोन के 110 वार्डों में एक साथ चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने लखनऊवासियों से स्वच्छता के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता कर अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में योगदान देने की अपील की।

🔴 अपर नगर आयुक्तों के निर्देशन में संचालित हो रहा अभियान
पूरे अभियान का संचालन अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त एवं डॉ. अरविंद कुमार राव के निर्देशन में किया जा रहा है। इनके निर्देशन में सभी जोनों के जोनल अधिकारी अपने-अपने जोन में अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, वार्ड स्तर पर नामित अधिकारियों के नेतृत्व में सफाई कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित कराया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से नागरिकों से भी अपील की गई कि वे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छ एवं सुंदर लखनऊ के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

मनीष मिश्रा

राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!