जोन-6 में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, सहादतगंज वार्ड में गंदगी का अंबार
Mishra ManishApril 30, 2026Last Updated: April 30, 2026
0 117 2 minutes read
नालियां चोक, कूड़े के ढेर—बीमारियों का खतरा बढ़ा; शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
🟥 क्षेत्र में गंदगी का साम्राज्य, नालियां चोक लखनऊ। नगर निगम के जोन-6 अंतर्गत सहादतगंज वार्ड में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। क्षेत्र के सुल्तानपुर गढ़ैया, मातादीन रोड, नुरबरी और पुराना चबूतरा समेत कई इलाकों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियां सिल्ट और कचरे से भरी हैं, जिससे जल निकासी बाधित हो रही है।
🟥 मातादीन रोड पर हालात बदतर मातादीन रोड पर नालियों में जमा गंदगी और कूड़ा खुलेआम पड़ा दिखाई देता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
🟥 नुरबरी क्षेत्र में सफाई नदारद नुरबरी क्षेत्र की गलियों में झाड़ू न लगने से घास उग आई है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जो सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं।
🟥 अतिक्रमण से ठप सफाई व्यवस्था पुराना चबूतरा क्षेत्र में अतिक्रमण के चलते दुकानों के सामने लगी ग्रिलों के नीचे सफाई नहीं हो पा रही, जिससे हालात और खराब हो गए हैं।
🟥 दरगाह हज़रत अब्बास रोड पर जलभराव का खतरा दरगाह हज़रत अब्बास रोड पर नालियों में भारी मात्रा में प्लास्टिक जमा है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मानसून से पहले सफाई न होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
🟥 मच्छरों का प्रकोप, बीमारियों का खतरा गंदगी के चलते मच्छरों और कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। नियमित फॉगिंग न होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने फॉगिंग व्यवस्था और संसाधनों की जांच की मांग की है।
🟥 कर्मचारी नदारद, सफाई ठप सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते।
🟥 पार्षद बोले—कर्मचारी कम, सीवर लाइन पुरानी वार्ड पार्षद शिवकुमार यादव “गुड्डू” ने बताया कि क्षेत्र बड़ा है और कर्मचारियों की कमी है। उन्होंने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था कमजोर है और 15वें वित्त से भी वार्ड में अपेक्षित कार्य नहीं कराए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की सीवर लाइन काफी पुरानी है, जिसकी वजह से सीवर की समस्या लगातार बनी रहती है।
🟥 अधिकारी संपर्क से बाहर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रामचंद्र यादव से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
🟥 शिकायतें जारी, कार्रवाई शून्य क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। ऐसे में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी सफाई व्यवस्था को लेकर कब गंभीर होंगे।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।