बाराबंकी कूड़ा मामला: लखनऊ नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
बाराबंकी से लाकर लखनऊ में फेंका जा रहा था कूड़ा, निगम की सख्ती से गाड़ी जब्त
मनीष मिश्रा / सूचना इंडिया
लखनऊ।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर अब नगर निगम की पैनी नजर है। इसी क्रम में लखनऊ नगर निगम जोन-7 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाराबंकी से लाकर लखनऊ में अवैध रूप से कूड़ा डाले जाने के मामले का खुलासा किया है। सतर्कता के चलते मौके पर कूड़ा ढोने वाली गाड़ी को पकड़कर जब्त कर लिया गया।
नौबस्ता मोड़ पर पकड़ी गई कूड़ा ढोने वाली गाड़ी
जोन-7 के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रूपेंद्र भास्कर को सूचना मिली थी कि एक वाहन बाराबंकी से कूड़ा लाकर देवा रोड स्थित नगर निगम के खाली प्लॉट में डंप कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने नौबस्ता मोड़ पर कार्रवाई करते हुए वाहन संख्या UP 32 TN 8494 को मौके पर ही पकड़ लिया।

₹20 हजार का जुर्माना, चालक को अंतिम चेतावनी
नगर निगम ने बिना किसी दबाव के वाहन जब्त कर ₹20,000 का जुर्माना लगाया। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह निजी अपार्टमेंटों से कूड़ा उठाता था और बाराबंकी दूर होने के कारण लखनऊ के खाली प्लॉटों में कूड़ा डाल देता था। निगम ने चालक को अंतिम चेतावनी देते हुए भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी।
जोन-7 कार्यालय में जुर्माने की वसूली
जुर्माने की वसूली लखनऊ नगर निगम जोन-7 कार्यालय में अजीत राय की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बाहर से कूड़ा लाकर लखनऊ में डालने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
नगर निगम का साफ संदेश
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। शहर को गंदा करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कदम को शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है।




