कामाख्या मंदिर रोड बना “विकास का आईना”, खस्ताहाल सड़क और गंदगी से सिस्टम बेनकाब
Mishra Manish3 hours agoLast Updated: April 25, 2026
0 62 2 minutes read
कामाख्या रोड की सच्चाई: सड़क टूटी, सिस्टम सोया
📍 लखनऊ (सूचना इंडिया न्यूज) यह कोई दूर-दराज गांव का दृश्य नहीं, बल्कि राजधानी लखनऊ के नगर निगम जोन-4 के अंतर्गत आने वाले कामाख्या मंदिर रोड, खरगापुर की हकीकत है। यहां की मुख्य सड़कें इस कदर जर्जर हो चुकी हैं कि पैदल चलना भी चुनौती बन गया है। जगह-जगह गड्ढे, जलभराव और कूड़े के ढेर “स्मार्ट सिटी” के दावों को आईना दिखा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह इलाका प्रदेश के मुख्यमंत्री से महज 6 किलोमीटर, नगर आयुक्त गौरव कुमार का कार्यालय से 7 किलोमीटर और महापौर सुषमा खर्कवाल के कैंप कार्यालय से लगभग 7.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वहीं जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी का दफ्तर भी करीब 3 किलोमीटर दूर ही है। इसके बावजूद हालात बदतर बने हुए हैं।
🔴 अभियंत्रण विभाग पर सवाल, ट्रांसफर आदेश भी बेअसर स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा लंबे समय से लखनऊ में जमे हुए हैं, जबकि उनका स्थानांतरण आदेश पहले ही जारी हो चुका है। इतना ही नहीं, मुख्यालय स्तर से ट्रांसफर को लेकर रिमाइंडर पत्र भी जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह अब तक कार्यमुक्त नहीं हुए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब आदेश और रिमाइंडर दोनों मौजूद हैं, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
🔴 “कमीशन जहां, काम वहीं” की चर्चा (सीएम ग्रिड) क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि जिन परियोजनाओं में अधिक बजट या “मलाई” है, वहीं काम तेजी से होता है, जबकि आम सड़कों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
🔴 सफाई व्यवस्था भी फेल सफाई के मोर्चे पर भी हालात बेहतर नहीं हैं। जोनल सेनेटरी अधिकारी पंकज शुक्ला पर आरोप है कि केवल वीवीआईपी क्षेत्रों में ही सफाई पर ध्यान दिया जाता है, जबकि कामाख्या मंदिर रोड जैसे क्षेत्रों में गंदगी का अंबार लगा रहता है। लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) के साथ मिलीभगत के आरोप भी स्थानीय स्तर पर चर्चा में हैं।
🟥 बड़ी बात जिम्मेदारी तय हो: राजधानी के वीवीआईपी जोन के नजदीक होने के बावजूद अगर सड़कें और सफाई की यह हालत है, तो सवाल उठना लाजिमी है—क्या जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजों में विकास दिखा रहे हैं?
🟥 फिर वही सवाल: यह मामला अब नगर आयुक्त और महापौर के सीधे संज्ञान में आने के बाद बड़े एक्शन की ओर बढ़ सकता है। संबंधित अधिकारियों पर जवाबदेही तय होना तय माना जा रहा है।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।