पार्षद के अभियान से सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद, स्थानीय लोगों ने रखीं अपनी समस्याएं और सुझाव।
Mishra Manish12 hours agoLast Updated: July 19, 2026
0 147 3 minutes read
इंदिरा प्रदर्शनी वार्ड में सफाई व्यवस्था को मिला सकारात्मक फीडबैक, पार्षद प्रतिनिधि खुद उतरे नालियों की सफाई अभियान में
लखनऊ। नगर निगम के जोन-7 स्थित इंदिरा प्रदर्शनी वार्ड में सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए सूचना इंडिया की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया। शिवाजी पुरम निरीक्षण के दौरान बारिश के बीच पार्षद प्रतिनिधि रामकुमार वर्मा स्वयं नालियों की सफाई अभियान में जुटे दिखाई दिए। उनके साथ सफाई निरीक्षक (SFI) रूपेंद्र भास्कर और लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) के जोनल इंचार्ज अभिषेक शुक्ला भी मौजूद रहे। टीम ने क्षेत्र में लोगों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का पालन करने और कूड़ा केवल कूड़ा गाड़ी को ही देने के लिए जागरूक किया।
🔴 बारिश में भी जारी रहा सफाई अभियान
बारिश के बावजूद पार्षद प्रतिनिधि रामकुमार वर्मा और सफाई कर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर नालियों की सफाई कराई। इस दौरान लोगों से संवाद कर उन्हें गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की गई।
🔴 स्थानीय लोगों ने रखी अपनी-अपनी राय
वार्ड के लोगों ने सफाई व्यवस्था को लेकर मिश्रित लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। एक महिला निवासी ने बताया कि क्षेत्र में नियमित रूप से कूड़ा गाड़ी आती है और सफाई व्यवस्था पहले की अपेक्षा बेहतर है।
वहीं एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा कि अधिकांश समय व्यवस्था ठीक रहती है, हालांकि कभी-कभी एक-दो दिन का अंतराल भी हो जाता है और कूड़ा उठाने में देरी देखने को मिलती है। लोगों का कहना था कि यदि यह छोटी-छोटी कमियां भी दूर कर दी जाएं तो व्यवस्था और बेहतर हो सकती है।
🔴 ग्राउंड विजिट में साफ-सुथरा मिला अधिकांश क्षेत्र
सूचना इंडिया की टीम ने जब पूरे वार्ड का भ्रमण किया तो अधिकांश सड़कें साफ-सुथरी और व्यवस्थित मिलीं। कई स्थानों पर सड़कें इतनी बेहतर स्थिति में दिखाई दीं कि पहली नजर में यह अनुमान लगाना कठिन था कि उनका निर्माण नगर निगम ने कराया है। वार्ड के पार्क भी व्यवस्थित मिले, जहां नियमित रूप से रखरखाव और माली कार्य करते दिखाई दिए।
🔴 कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सुशील कुमार “बच्चा” बोले—रोज आती है कूड़ा गाड़ी
स्थानीय निवासी सुशील कुमार बच्चा ने बताया कि क्षेत्र में नियमित रूप से कूड़ा गाड़ी आती है और पार्कों का भी अच्छा रखरखाव किया जा रहा है। उनके अनुसार सफाई व्यवस्था संतोषजनक है तथा सफाई कर्मी समय-समय पर अपना कार्य करते हैं।
🔴 SFI रूपेंद्र भास्कर ने दिया अपना मोबाइल नंबर
सफाई निरीक्षक रूपेंद्र भास्कर ने बताया कि विभाग लगातार लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिक गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग दें, जिससे वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया और कहा कि यदि कहीं सफाई या कूड़ा उठान से संबंधित कोई समस्या हो तो लोग सीधे उनसे संपर्क करें। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।
🔴 पंडित पुरवा में लोगों से किया सीधा संवाद
पार्षद प्रतिनिधि रामकुमार वर्मा ने पंडित पुरवा क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जब स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र के विकास में रामकुमार वर्मा के साथ-साथ पूर्व नगर विकास मंत्री एवं पूर्व विधायक आशुतोष टंडन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, तब रामकुमार वर्मा ने भी उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय आशुतोष टंडन के कार्यकाल में क्षेत्र में सड़कें, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट सहित अनेक विकास कार्य कराए गए, जिनका लाभ आज भी स्थानीय लोगों को मिल रहा है।
🔴 छोटी शिकायतें भी सामने आईं
दौरे के दौरान कुछ लोगों ने यह भी कहा कि कभी-कभी कूड़ा गाड़ी समय पर नहीं पहुंचती और एक-दो दिन का अंतराल हो जाता है। हालांकि अधिकांश लोगों ने माना कि कुल मिलाकर वार्ड की सफाई व्यवस्था संतोषजनक है और अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पहले की तुलना में अधिक दिखाई दे रही है।
🔴 लोगों की राय में बेहतर हुई व्यवस्था
सूचना इंडिया की जमीनी पड़ताल में इंदिरा प्रदर्शनी वार्ड की तस्वीर काफी हद तक सकारात्मक नजर आई। सफाई व्यवस्था, सड़कें, पार्कों का रखरखाव और जनप्रतिनिधि की सक्रिय भागीदारी लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। हालांकि कूड़ा उठान की नियमितता को लेकर कुछ शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर संबंधित अधिकारियों ने सुधार का भरोसा दिलाया। कुल मिलाकर वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जनता का रुख सकारात्मक दिखाई दिया और लोगों ने उम्मीद जताई कि इसी तरह निगरानी और जनसहभागिता बनी रही तो व्यवस्था और बेहतर होगी।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।