बरसात से पहले जलभराव रोकने की तैयारी, अपर नगर आयुक्त और नगर अभियंता ने किया स्थलीय निरीक्षण
लखनऊ। मानसून से पूर्व शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से गुरुवार को विद्यावती द्वितीय वार्ड के पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी के नेतृत्व में नगर निगम अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख नालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नालों की सफाई, सिल्ट निकासी तथा जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की गई।
दौरे में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, नगर अभियंता सील श्रीवास्तव, सहायक अभियंता अवधेश सिंह, अवर अभियंता राजेंद्र प्रसाद सिंह, श्रीमती दीक्षा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों और एजेंसियों को नालों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने तथा बरसात से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
🔴 कानपुर रोड से विजय नगर और हिंद नगर तक की जल निकासी का महत्वपूर्ण मार्ग
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि संबंधित नाला क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। कानपुर रोड, विजय नगर तथा हिंद नगर सहित आसपास के क्षेत्रों का वर्षा जल इसी मार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में नाले की समुचित सफाई और सिल्ट निकासी अत्यंत आवश्यक है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
🔴 जलभराव वाले क्षेत्रों को मिलेगी राहत
नगर निगम अधिकारियों ने नालों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि जहां-जहां अवरोध या अत्यधिक सिल्ट जमा है, वहां विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई जाए, जिससे वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे।
🔴 पार्षद बोले : सिर्फ ऊपर-ऊपर नहीं, तलीझाड़ सफाई हो
विद्यावती द्वितीय वार्ड के पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि जिस नाले का निरीक्षण किया गया है, वह केवल उनके वार्ड ही नहीं बल्कि कैंट विधानसभा क्षेत्र और सेक्टर-एच जैसे प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों की जल निकासी से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जिन क्षेत्रों में सर्वाधिक जलभराव की समस्या होती है, उनका पानी भी इसी नाले से होकर गुजरता है। इसलिए केवल औपचारिक सफाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि नाले की तलीझाड़ सफाई कर पूरी सिल्ट निकाली जानी चाहिए।
पार्षद ने कहा कि जनता को बारिश में होने वाली परेशानी से बचाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आम नागरिक नगर निगम के अलग-अलग अधिकारियों को नहीं जानता, वह अपने पार्षद और जनप्रतिनिधि से ही जवाब मांगता है। इसलिए आवश्यक है कि समय रहते नालों की संपूर्ण सफाई कराई जाए, ताकि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो और लोगों को राहत मिल सके।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।