मुख्य मार्गों पर जलभराव, चोक नालियां, झाड़ियां और कूड़े के ढेर; स्थानीय लोगों ने अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल
Mishra ManishJuly 18, 2026Last Updated: July 18, 2026
0 118 3 minutes read
लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से इंदिरा प्रतिष्ठान तक गंदगी का साम्राज्य, जोन-4 की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
लखनऊ। नगर निगम के जोन-4 में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के सामने लोकायुक्त कार्यालय जाने वाली सड़क से लेकर वेब सिनेमा के पीछे, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के पीछे और इंदिरा प्रतिष्ठान जाने वाले मुख्य मार्ग तक कई स्थानों पर गंदगी, चोक नालियां, जलभराव और बदहाल सड़कें लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं।
🔴 RMLIMS के सामने नालियां बजबजा रहीं, सड़क पर फैली गंदगी
लोकायुक्त कार्यालय जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे कूड़े के ढेर और गंदगी दिखाई दे रही है। नालियों की समय पर सफाई न होने से बदबू फैल रही है, जिससे आसपास आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
🔴 वेब सिनेमा के पीछे सड़क पर पानी, गड्ढे और झाड़ियां
वेब सिनेमा के पीछे का मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जलभराव, बड़े-बड़े गड्ढे और उगी झाड़ियां राहगीरों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप भी लगातार बढ़ रहा है।
🔴 PNB बैंक के पीछे भी सफाई व्यवस्था चरमराई
पंजाब नेशनल बैंक के पीछे स्थित क्षेत्र में भी गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
🔴 इंदिरा प्रतिष्ठान मार्ग पर सड़क पर बह रहा नालियों का पानी
इंदिरा प्रतिष्ठान जाने वाले मुख्य मार्ग पर कई जगह नालियां चोक होने से उनका पानी सड़क पर बह रहा है। हल्की बारिश के बाद भी जलभराव की स्थिति बन जाती है। स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि नगर निगम के अभियंत्रण विभाग द्वारा स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा।
🔴 अधिशासी अभियंता की कार्यशैली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की लगातार बिगड़ती स्थिति के बावजूद जोन-4 के अधिशासी अभियंता की ओर से प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। उनका आरोप है कि समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा।
🔴 ZSO और SFI की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि जोनल सेनेटरी अधिकारी (ZSO) और सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि कागजी कार्रवाई अधिक दिखाई देती है, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है।
🔴 जोनल अधिकारी पर भी उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में सक्रिय दिखाई देती हैं, लेकिन सफाई और जलनिकासी जैसी मूलभूत समस्याओं पर अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही। लोगों का यह भी आरोप है कि अधिकारियों की फील्ड मौजूदगी बेहद सीमित रहती है।
🔴 स्थानीय लोगों की मांग
क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त से पूरे जोन-4 की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि शहर के प्रमुख संस्थानों और वीआईपी मार्गों की यह स्थिति नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।