किसान पराली न जलाएं, योजनाओं का लाभ उठाएं : विधायक,

खरीफ किसान मेले में प्राकृतिक खेती, मृदा परीक्षण और फसल चक्र की दी जानकारी।
एटा। जनेश्वर मिश्र सभागार, जिला पंचायत परिसर में गुरुवार को जनपद स्तरीय खरीफ किसान मेला एवं गोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी ली।
गोष्ठी में उप कृषि निदेशक सुमित पटेल ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन के उपलब्ध विकल्पों के बारे में बताया।

कृषि विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे और मृदा परीक्षण के महत्व की जानकारी दी।
विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने किसानों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में किसानों को अपने खेतों में संतुलित उर्वरक प्रयोग, फसल चक्र अपनाने, दलहन की खेती और खेत तालाब योजना के प्रति प्रेरित किया गया।

पूर्व जिला उद्यान अधिकारी शुघर सिंह ने आलू भंडारण, आलू बीज, सब्जी फसलों, बागवानी और स्प्रिंकलर सिंचाई पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी। पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने पशु टीकाकरण, लंपी बीमारी से बचाव, तालाब निर्माण, मछली पालन सहित विभागीय योजनाओं के बारे में बताया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने किसानों से वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग और फसल चक्र अपनाने की अपील की। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने आगामी रबी सीजन के लिए मिनीकिट और अनुदान पर उपलब्ध बीजों के पंजीकरण की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से डीएपी का आवश्यकता के अनुसार उपयोग करने और अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील की।





