प्लॉट के 15 लाख रुपये को लेकर विवाद, पत्नी पर पति की हत्या का आरोप,

कोतवाली नगर पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा, शव नहर में फेंकने की बात पूछताछ में सामने आने का दावा।
एटा। कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करने का दावा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्लॉट की बिक्री से मिले करीब 15 लाख रुपये को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में पत्नी ने अपने बेटे, बेटी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या करने की बात पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम लालपुर कल्याणपुर निवासी अजब सिंह ने सूचना दी थी कि उसका भाई उदयवीर (36) पत्नी और तीन बच्चों के साथ हीरा नगर में किराये के मकान में रहता था। उदयवीर ने कुछ दिन पहले करीब 15 लाख रुपये में अपना प्लॉट बेचा था। रुपये को लेकर उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। कई दिनों से गांव नहीं आने और पत्नी द्वारा संतोषजनक जानकारी नहीं देने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई थी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मृतक की पत्नी ने 8 सितंबर की रात बेटे, बेटी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उदयवीर की गला दबाकर हत्या करने और शव को छिपाने के लिए हजारा नहर में फेंकने की बात बताई।
पुलिस ने नामजद अंशुल पुत्र उदयवीर सिंह, एक अभियुक्ता, एक बाल अपचारी तथा विवेचना में सामने आए चरण सिंह पुत्र स्वर्गीय अमर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





