🔴 इंजीनियरिंग विभाग की निगरानी में चिनहट प्रथम वार्ड में हो रहा था कार्य
लखनऊ। नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत चिनहट बाजार के पास नाला सफाई के दौरान हुए हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद तीन अन्य कर्मचारियों की तबीयत भी खराब हो गई, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा ने एक कर्मचारी की मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि अन्य कर्मचारियों की हालत सामान्य है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
🔴 सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। चर्चा इस बात की है कि नाला सफाई जैसे जोखिमपूर्ण कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। क्या श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे और क्या मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी थी?
🔴 जिम्मेदारी तय करने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम के विभिन्न कार्यों में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर अक्सर लापरवाही की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में इस हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
🔴 नगर आयुक्त से नहीं हो सका संपर्क
घटना के संबंध में नगर आयुक्त गौरव कुमार का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब अभी भी सामने आना बाकी हैं।
एक कर्मचारी की मौत ने न केवल सुरक्षा इंतजामों पर प्रश्नचिह्न लगाया है, बल्कि नगर निगम के कार्यस्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर बहस भी छेड़ दी है।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।