स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत महापौर सुषमा खर्कवाल ने जोन-4 कार्यालय में समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वच्छता, अतिक्रमण नियंत्रण एवं जनसुविधाओं पर दिया विशेष जोर
🔴 जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नाला-नाली सफाई, राजस्व वसूली एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत सोमवार को माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल ने जोन-4 स्थित जोनल कार्यालय में नगर निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नाला-नाली सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकारिणी सदस्य/पार्षद राजेश सिंह ‘गब्बर’, अरुण कुमार राय, पार्षद अरुण तिवारी, संजय सिंह राठौड़, ममता रावत, राजेश कुमार, प्रमोद सिंह ‘राजन’, कौशल शंकर पाण्डेय एवं पार्षद प्रतिनिधि रामकृष्ण यादव उपस्थित रहे। अधिकारियों में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी जोन-4 शिल्पा कुमारी, कर अधीक्षक बनारसी दास, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा, अधिशासी अभियंता जलकल अमरेंद्र प्रताप सिंह, एसएफआई एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
🔴डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश
महापौर सुषमा खर्कवाल ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कूड़ा वाहन नियमित रूप से पहुंचने के बावजूद नागरिक कूड़ा निर्धारित वाहन को नहीं दे रहे हैं, ऐसे मामलों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों एवं गांवों में कूड़ा संग्रहण सेवा का पूर्ण कवरेज नहीं है, वहां तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वार्डवार कूड़ा संग्रहण वाहनों की कार्ययोजना एवं कवरेज का विवरण तैयार करने के भी निर्देश दिए।
🔴 यूजर चार्ज व्यवस्था में पारदर्शिता एवं एकरूपता सुनिश्चित करने पर जोर
बैठक में नागरिकों द्वारा गृहकर के साथ यूजर चार्ज जमा किए जाने के बावजूद अलग से शुल्क वसूली की शिकायतों पर चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यूजर चार्ज वसूली की व्यवस्था को स्पष्ट एवं पारदर्शी बनाया जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
🔴 नाला-नाली एवं सीवर संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश
बरसात के मद्देनजर महापौर ने नाला-नाली सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी प्रमुख नालों एवं चैंबरों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों की विशेष पहचान कर आवश्यक संसाधन एवं मैनपावर बढ़ाई जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन एवं चैंबरों के कनेक्शन संबंधी समस्याएं हैं, उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।
🔴 अतिक्रमण एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों, सड़कों, सर्विस लेनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमणों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि मॉडल वेंडिंग जोन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जाए तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। नालों के ऊपर अथवा सार्वजनिक भूमि पर अवैध निर्माण एवं व्यवसायिक गतिविधियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
🔴 स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रवर्तन कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश
महापौर ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने, ठेला संचालकों द्वारा अपशिष्ट का अनुचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। उन्होंने नागरिक सहभागिता बढ़ाने एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।
🔴 स्ट्रीट लाइट एवं नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए
बैठक में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि खराब एवं अनावश्यक रूप से दिन में जल रही लाइटों की नियमित निगरानी कर उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। साथ ही क्षेत्र में पेयजल, सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
🔴 अगली समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
महापौर सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने, कूड़ा संग्रहण व्यवस्था एवं अन्य जनहित के कार्यों की प्रगति का विस्तृत विवरण तैयार कर आगामी समीक्षा बैठक में प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध रूप से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।