सर्राफा दुकान में चोरी का खुलासा,

पुलिस ने एक आरोपी किया गिरफ्तार।
जलेसर/एटा। थाना क्षेत्र में सर्राफा दुकान का शटर और तिजोरी ग्राइंडर से काटकर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। जलेसर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को चोरी के जेवर और अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर की रात ग्राम पटना के पास सर्राफा दुकान में चोरी हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 सितंबर की रात अरुण पुत्र भीकम सिंह निवासी महीपुरा, थाना नारखी, फिरोजाबाद को पटना बिजलीघर के पास बंद वन विभाग गेस्टहाउस के गेट के पास से गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, नौ सफेद धातु के लॉकेट, एक लेडिज रिंग और एक जोड़ी बिछिया बरामद हुई। पुलिस के अनुसार दो अन्य आरोपी रजत और कपिल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




