Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

वृंदावन में पूज्य श्री श्री 1008 तुलछाराम जी महाराज का दिव्य आगमन, 29 जुलाई से 46वें दिव्य चातुर्मास महा-महोत्सव का शुभारंभ

वृंदावन। श्री खेतेश्वर ब्रह्मधाम तीर्थ, आसोतरा के गादीपति, अनन्त श्री विभूषित, ब्रह्मर्षि, ब्रह्मचारी, ब्रह्म सावित्री सिद्धपीठाधीश्वर परम पूज्य संत श्री श्री 1008 तुलछाराम जी महाराज के पावन वृंदावन आगमन पर समस्त उत्तर भारत राजपुरोहित समाज ने अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप उनका भव्य एवं दिव्य स्वागत किया। पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, जयघोष एवं भव्य शोभायात्रा के मध्य श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य गुरुदेव का अभिनंदन किया। इसके उपरांत कृष्ण साधक ट्रस्ट परिसर में महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।


परम पूज्य गुरुदेव के सान्निध्य में आयोजित होने वाला 46वाँ दिव्य चातुर्मास महा-महोत्सव इस वर्ष 29 जुलाई से 26 सितम्बर 2026 तक वृंदावन में सम्पन्न होगा। महा-महोत्सव की तैयारियाँ पिछले दो माह से सतत एवं सुव्यवस्थित रूप से चल रही थीं। पूज्य गुरुदेव 23 जुलाई को ब्रह्मधाम आसोतरा से प्रस्थान कर विभिन्न नगरों से होते हुए वृंदावन पहुँचे। सम्पूर्ण यात्रा मार्ग में राजपुरोहित समाज एवं असंख्य श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत कर अपनी गुरु-भक्ति एवं आस्था का परिचय दिया।

इसी दौरान श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर के सिद्धपीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज ने वृंदावन में चातुर्मास कर रहे पूज्य श्री श्री 1008 तुलछाराम जी महाराज से आत्मीय भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा उन्हें शुभकामनाएँ अर्पित कीं।

29 जुलाई से प्रारंभ होने वाले इस दिव्य चातुर्मास महा-महोत्सव में पूज्य गुरुदेव के सान्निध्य में तप, साधना, स्वाध्याय एवं दिव्य धर्म प्रवचनों का शुभारंभ होगा। महा-महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दिन में शिवपुराण कथा तथा सायंकाल भजन-कीर्तन, सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का आयोजन किया जाएगा। दो माह तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महोत्सव में देशभर से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।

इस अवसर पर उत्तर भारत सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए राजपुरोहित समाज के गणमान्यजन, संत-महात्मा एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। उत्तर भारत राजपुरोहित समाज के कानसिंह गुरड़ाई ने बताया कि पूज्य श्री श्री 1008 तुलछाराम जी महाराज का 46वाँ दिव्य चातुर्मास महा-महोत्सव श्रद्धा, साधना, वैदिक संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना का अद्वितीय संगम होगा। उन्होंने कहा कि दो माह तक चलने वाले इस दिव्य आयोजन में देशभर से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु धर्म प्रवचनों, सत्संग, यज्ञ एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त करेंगे।

सुदर्शन न्यूज़ चैनल के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. राजकुमार राजपुरोहित ने इस भव्य एवं दिव्य आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए उत्तर भारत राजपुरोहित समाज के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता, सेवा-भाव एवं समर्पण ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य चातुर्मास महा-महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना के इस महापर्व का लाभ लेने का आह्वान किया।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!