पीएम ई-विद्या के लिए शैक्षिक वीडियो निर्माण में योगदान देंगे प्रदीप कुमार वर्मा

उन्नाव। पीएम ई-विद्या के डीटीएच टीवी चैनलों के लिए ई-शैक्षिक सामग्री एवं वीडियो निर्माण में उन्नाव के शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा अपनी विषय विशेषज्ञता का योगदान देंगे। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अभिमुखीकरण सह-प्रशिक्षण के लिए उनका चयन किया गया है। प्रदीप कुमार वर्मा वर्तमान में उच्च प्राथमिक विद्यालय रामापुर गढ़ौवा, विकासखंड औरास में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। वे विद्यालयी शिक्षा में नवाचार, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा पर्यावरण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक (एसएसए) डॉ. पवन कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार, भारत सरकार की पीएम ई-विद्या योजना के अंतर्गत संचालित डीटीएच टीवी चैनलों पर कक्षा 1 से 12 तक की गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री का प्रसारण किया जाता है। इन चैनलों के लिए प्रभावी ई-कंटेंट एवं शैक्षिक वीडियो निर्माण हेतु केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईईटी), एनसीईआरटी, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 3 से 7 अगस्त 2026 तक एससीईआरटी, लखनऊ में आयोजित होगा। प्रशिक्षण के उपरांत प्रदीप कुमार वर्मा पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनलों के लिए शैक्षिक वीडियो निर्माण में अपनी शैक्षणिक एवं विषयगत विशेषज्ञता का योगदान देंगे। इसे जनपद उन्नाव के शिक्षा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

