Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
BangladeshBreaking News

पीएम मोदी के जन्मदिन पर मेडिकल कॉलेज में रक्तदान, मरीजों को बांटे फल,

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के कार्यक्रम हुए।

एटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशाल रक्तदान शिविर में जनप्रतिनिधियों के साथ चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

सदर विधायक डेविड वर्मा ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। शिविर का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सदर विधायक डेविड वर्मा और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व और इसकी जरूरत के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

अस्पताल के वार्डों में पहुंचकर मरीजों को बांटे फल
रक्तदान शिविर के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष, सदर विधायक और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों और तीमारदारों से बातचीत की। महिला एवं प्रसूति रोग, मेडिसिन, सर्जरी और आईसीयू समेत कई विभागों में मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी भी ली गई।

छात्रों ने लगाई स्वास्थ्य जागरूकता प्रदर्शनी
मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से जुड़े विषयों पर मॉडल और शैक्षणिक प्रस्तुतियों की प्रदर्शनी लगाई। जिलाध्यक्ष, विधायक और प्राचार्य ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से उनके मॉडल के बारे में जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ और सक्षम लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत स्वास्थ्य जागरूकता, जनसेवा, स्वच्छता, रक्तदान और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा, उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोनू यादव, डॉ. विवेक पाराशर, डॉ. विनोद धनगर, डॉ. प्रवीण गर्ग, डॉ. प्रशांत भारद्वाज, डॉ. अर्चना यादव, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. योगेंद्र सिंह सहित चिकित्सक, रेजिडेंट, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी मौजूद रहे।

Amit Kumar
Amit Kumar (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!