Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

बरेली: नॉवल्टी चौराहे पर हादसे को दावत दे रहा झुका खंभा, यूनीपोल के सहारे टिका

चार दिन से क्षतिग्रस्त है स्ट्रीट लाइट का भारी खंभा, नीचे से गुजरता है दिन-रात वाहनों और राहगीरों का सैलाब

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सबसे व्यस्त नॉवल्टी चौराहे पर स्ट्रीट लाइट का क्षतिग्रस्त खंभा इन दिनों बड़े हादसे को दावत दे रहा है। डिवाइडर पर लगा भारी-भरकम खंभा टूटकर एक तरफ झुक गया है और पास में लगे यूनीपोल के सहारे टिका हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह स्थिति पिछले चार दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक खंभे को हटाने या सुरक्षित करने की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

केबल में उलझे वाहन के झटके से टूटा खंभा

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि करीब चार दिन पहले रात के समय एक बड़े वाहन में बिजली का केबल उलझ गया था। वाहन के आगे बढ़ने से केबल में जोरदार खिंचाव आया, जिसके कारण डिवाइडर पर लगा स्ट्रीट लाइट का खंभा क्षतिग्रस्त होकर झुक गया। खंभा गिरने के बजाय पास में लगे यूनीपोल पर टिक गया, जिससे उस समय बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि, अब यही खंभा लगातार खतरा बना हुआ है। यूनीपोल के सहारे किसी तरह टिका भारी खंभा कभी भी संतुलन खोकर सड़क पर गिर सकता है। खास बात यह है कि नॉवल्टी चौराहा शहर के प्रमुख व्यावसायिक और यातायात केंद्रों में शामिल है। यहां दिनभर बड़ी संख्या में वाहन और राहगीरों की आवाजाही रहती है।

खंभा गिरा तो हो सकता है बड़ा नुकसान

क्षतिग्रस्त खंभे के नीचे से लगातार यातायात गुजर रहा है। आसपास दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण यहां लोगों की मौजूदगी भी बनी रहती है। ऐसे में यदि खंभा अचानक गिरा तो राहगीरों, दुकानदारों और वाहन सवारों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की आशंका को देखते हुए खंभे को तत्काल हटाकर सुरक्षित व्यवस्था की जानी चाहिए। उनका कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदार विभागों को पहले ही एहतियाती कदम उठाना चाहिए।

समाजसेवी ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खां वारसी ने प्रशासन और संबंधित विभागों से क्षतिग्रस्त खंभे को तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और विद्युत विभाग को मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी देरी के खंभे को हटाकर नया पोल लगाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नॉवल्टी चौराहे जैसे व्यस्त स्थान पर इस तरह खंभे का यूनीपोल के सहारे टिका रहना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना जिम्मेदार विभागों को तत्काल कार्रवाई कर यातायात और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!