बरेली: सेवा संकल्प अभियान के तहत लगी चित्र प्रदर्शनी, दिखी विकास और जनकल्याण की तस्वीर

वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने किया उद्घाटन, प्रदर्शनी में योजनाओं और उपलब्धियों की दी गई जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बरेली में गुरुवार को चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

चित्र प्रदर्शनी में सेवा, सुशासन, विकास, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को चित्रों और अन्य प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

जनप्रतिनिधियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
शुभारंभ के बाद मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान चित्रों के माध्यम से जनसेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली गई। योजनाओं और विकास कार्यों को सरल एवं आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है, जिससे आम नागरिक उनके उद्देश्य और लाभ को आसानी से समझ सकें।
प्रदर्शनी में जनपद समेत प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को भी दर्शाया गया है। इसके माध्यम से शासन की प्राथमिकताओं और जनभागीदारी के महत्व की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।
किसानों के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी
प्रदर्शनी में कृषि और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 3.12 करोड़ किसान लाभान्वित किए गए हैं।
गन्ना किसानों को 3.25 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भुगतान किए जाने की जानकारी भी प्रदर्शनी में दी गई। इसके अलावा 27 नवीन मंडी स्थलों के आधुनिकीकरण और पीएम कुसुम योजना के तहत 91 हजार से अधिक सोलर पंप स्थापित कराए जाने की जानकारी प्रदर्शित की गई।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 3.53 करोड़ से अधिक किसानों को 6120 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति प्रदान किए जाने की जानकारी भी दी गई। वहीं, 16 लाख से अधिक किसानों के बिजली के बिल माफ किए जाने से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल रही।
महापुरुषों के नाम से योजनाओं के जरिए जनकल्याण
प्रदर्शनी में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सामाजिक कल्याण और रोजगार से जुड़े प्रयासों की जानकारी भी दी गई। दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डॉ. भीमराव आंबेडकर छात्रावास योजना के तहत समाज कल्याण छात्रावासों के पुनर्निर्माण और नवनिर्माण की जानकारी प्रदर्शित की गई।
इसी तरह माता अहिल्याबाई होल्कर श्रमजीवी महिला हॉस्टल योजना के तहत कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था, चौधरी चरण सिंह सेट पार्क योजना के तहत कृषि उत्पादकता बढ़ाने और उच्च गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने की पहल की जानकारी दी गई।
हजारों कारीगरों और श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संत रविदास चर्मोद्योग पार्क योजना और टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए संत कबीर दास सीएम मित्र पार्क योजना के तहत प्रदेश में 10 टेक्सटाइल पार्कों की स्थापना से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित की गई।
कौशल विकास से रोजगार तक योजनाओं पर जोर
प्रदर्शनी में युवाओं और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को भी स्थान दिया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 4.43 लाख से अधिक कारीगरों को लाभान्वित किए जाने की जानकारी दी गई।
वहीं, ओडीओपी अभियान के तहत 21 हजार से अधिक उद्यमियों को 1004 करोड़ रुपये से अधिक की मार्जिन मनी वितरित किए जाने और 3.26 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की जानकारी प्रदर्शित की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने में भूमिका निभा रहीं 36,800 से अधिक स्वस्थ सखियों तथा महिलाओं को छोटे-छोटे उद्यम शुरू करने में मदद करने वाली 13 हजार से अधिक सूक्ष्म उद्यम सखियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से 5.74 लाख से अधिक परिवारों के लाभान्वित होने की जानकारी भी चित्र प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई।
आमजन से प्रदर्शनी देखने की अपील
जिला प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई कि वे चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम, भाजपा आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिव्या ओझा सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।




