बरेली: ‘कहां हो तुम चले आओ’ गाकर मिष्टी शुक्ला बनीं जायंट्स सिंगिंग स्टार

एसआरएमएस रिद्धिमा के फाइनल में पुरस्कृति फर्स्ट और अजय शंकर सेकेंड रनर अप; पांच प्रतिभाओं को मिले पुरस्कार

जनपद बरेली के भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस रिद्धिमा में गुरुवार शाम आयोजित जायंट्स सिंगिंग स्टार प्रतियोगिता के फाइनल में केसीएमटी की छात्रा मिष्टी शुक्ला ने अपनी शानदार गायकी से खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने ‘कहां हो तुम चले आओ’ गीत को खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत कर निर्णायक मंडल और ऑनलाइन वोटिंग के आधार पर पहला स्थान हासिल किया। मिष्टी को पहली जायंट्स सिंगिंग स्टार बनने पर विनर ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

इन्वर्टिस की छात्रा पुरस्कृति ने ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ की प्रस्तुति देकर फर्स्ट रनर अप का स्थान हासिल किया। उन्हें ट्रॉफी, प्रमाणपत्र के साथ 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। वहीं महाराजा अग्रसेन कॉलेज के छात्र अजय शंकर ने ‘छाप तिलक सब छीनी रे मोसे नैना मिलाय के’ को अपने अलग अंदाज में प्रस्तुत कर सेकेंड रनर अप का स्थान प्राप्त किया। उन्हें ट्रॉफी के साथ 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

मुस्कान और यशी को सांत्वना पुरस्कार
प्रतियोगिता में दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज की छात्रा मुस्कान गुप्ता और यशी गंगवार को इसके लिए चुना गया। मुस्कान ने ‘एक राधा एक मीरा दोनों ने’, जबकि यशी ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ गीत प्रस्तुत किया। दोनों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र के साथ 10-10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
सभी विजेताओं को एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति ने ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
160 से ज्यादा प्रतियोगियों ने कराया था पंजीकरण
जायंट्स वीक 2026 के तहत जायंट्स ग्रुप ऑफ बरेली की ओर से गायन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जायंट्स ग्रुप ऑफ बरेली के अध्यक्ष अभय जसोरिया ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 160 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था।
14 और 15 सितंबर 2026 को एसआरएमएस रिद्धिमा में आयोजित ऑडिशन में 148 प्रतियोगी पहुंचे। निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. रीता शर्मा, सात्विक मिश्रा, अवधेश कुमार गोस्वामी और विशाल सक्सेना ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के आधार पर 22 प्रतियोगियों को फाइनल के लिए शॉर्टलिस्ट किया।
फाइनल में प्रतिभाओं ने दिखाया गायकी का हुनर
गुरुवार शाम फाइनल मुकाबला शुरू हुआ तो शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां दीं। अलग-अलग गीतों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी गायकी और मंचीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के बाद निर्णायक मंडल के निर्णय और ऑडियंस की ऑनलाइन वोटिंग के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया।
मिष्टी शुक्ला की प्रस्तुति ने उन्हें पहला स्थान दिलाया। पुरस्कृति और अजय शंकर ने भी अपनी प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान खींचा।
प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
कार्यक्रम का संचालन पुनीत सक्सेना ने किया। जायंट्स ग्रुप ऑफ बरेली के डायरेक्टर ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन आदित्य मूर्ति ने विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों का आभार जताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में असित महेश्वरी, रमेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल, अनुज सिंघल, मोहित अग्रवाल, डॉ. राजीव गोयल, डॉ. ऋतु गोयल, अमृता अग्रवाल, अजय जसोरिया, अश्वनी खंडेलवाल, राहुल खंडेलवाल, अजय अग्रवाल, मनीष खंडेलवाल, ऋचा मूर्ति, स्वाति खंडेलवाल, सुबोध अग्रवाल, रोली अग्रवाल, अंकिता सक्सेना, अंशुमा अग्रवाल और राजीव सिंघल समेत जायंट्स ग्रुप के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




