Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
फटाफट खबरेंब्रेकिंग न्यूज़लखनऊ

लखनऊ जंक्शन के शताब्दी वर्ष पर सजी हेरिटेज प्रदर्शनी, इतिहास और तकनीक का अनूठा संगम

लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से स्टेशन परिसर में भव्य हेरिटेज प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 15 फरवरी 1926 को स्थापित इस ऐतिहासिक स्टेशन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह प्रदर्शनी भारतीय रेलवे की समृद्ध विरासत, तकनीकी विकास और जनसेवा की परंपरा को दर्शा रही है।

स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगाई गई धरोहर फोटो गैलरी में लखनऊ जंक्शन के एक शताब्दी लंबे विकास की कहानी तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत की गई है। इन दुर्लभ छवियों में स्टेशन की स्थापत्य भव्यता, विभिन्न ऐतिहासिक पड़ाव और समय के साथ हुए बदलाव को दर्शाया गया है, जो यात्रियों और युवाओं को रेलवे की गौरवशाली विरासत से परिचित करा रहे हैं।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इंजीनियरिंग विभाग ने मीटर गेज युग के उपकरण जैसे पुश निरीक्षण ट्रॉली, स्लीपर टॉन्ग, रेल कटर और गेज लेवल उपकरण प्रदर्शित किए हैं। वहीं सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने पुराने यांत्रिक लीवर फ्रेम, सेमाफोर सिग्नल और टोकन प्रणाली को प्रदर्शित किया है। विद्युत विभाग द्वारा पुराने बटन स्विच, एनालॉग ऊर्जा मीटर और फिलामेंट बल्ब भी प्रदर्शनी में शामिल हैं।


वाणिज्य विभाग ने लकड़ी की एडमंडसन बेंच, कार्ड टिकट, टिकट पंचिंग मशीन और पुराने आरक्षण चार्ट प्रदर्शित किए हैं, जबकि रेलवे सुरक्षा बल के स्टॉल पर बॉडी वॉर्न कैमरा, वॉकी टॉकी, लाठी और सुरक्षा जैकेट जैसी सामग्रियां रखी गई हैं।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण 102 वर्ष पुरानी नैरो गेज स्टीम लोकोमोटिव है, जिसे इंग्लैंड की जॉन फाउलर एंड कंपनी ने बनाया था। इसके अलावा मैकेनिकल विभाग द्वारा संचालित टॉय ट्रेन बच्चों और परिवारों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि यह शताब्दी समारोह रेलवे की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। प्रदर्शनी आम यात्रियों और विद्यार्थियों के लिए भी खुली है।

मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!