पशु से टकराने के बाद पलटी अखबार लदी क्रूजर, चालक की मौत


वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बहादुरपुर गांव के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में अखबार लदी क्रूजर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा अचानक सड़क पर आए पशु से टकराने के बाद हुआ। दुर्घटना में क्रूजर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात करीब ढाई बजे एक क्रूजर वाहन वाराणसी से अखबार लादकर बलिया की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन चौबेपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास स्थित सीएनजी पंप के सामने पहुंचा, तभी अचानक एक पशु सड़क पर आ गया। चालक ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन पशु से टकरा गया। टक्कर के बाद क्रूजर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में चालक अशोक कुमार (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को एंबुलेंस के जरिए नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर में बड़ी मात्रा में अखबार लदे हुए थे। हादसे के बाद अखबार की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस और संबंधित लोगों की मदद से अखबारों को दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित कराया गया और उन्हें निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
मृतक अशोक कुमार चिरईगांव क्षेत्र के दीनापुर गांव का निवासी बताया गया है। वह शादीशुदा था, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईवे पर अचानक पशुओं के आ जाने से पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे रात के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।





