नमो घाट पर पर्यटकों से मारपीट का आरोप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित नमो घाट पर बिहार के भभुआ से घूमने आए पांच युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवकों ने नमो घाट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड और कुछ नाविकों पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, भभुआ से पांच युवक वाराणसी घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि नमो घाट के गेट नंबर-2 के पास गेट बंद होने के बाद बाहर निकलने को लेकर युवकों और वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई।
पीड़ित युवकों का आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड और कुछ नाविकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान युवकों के साथ लात-घूंसों से भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना में कुछ युवकों के घायल होने की बात सामने आई है। युवकों ने बताया कि किसी तरह मौके से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित युवकों ने आदमपुर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। युवकों का आरोप है कि नमो घाट पर पुलिस चौकी होने के बावजूद विवाद के दौरान उन्हें तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिल सकी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले लोग मौके से फरार हो गए।
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पीड़ित पक्ष की ओर से वीडियो समेत अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। मामले का एडीसीपी वैभव बांगर ने संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस मामले में वीडियो फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविकता की जांच कर रही है। अधिकारियों ने जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
गौरतलब है कि नमो घाट पर इससे पहले भी मारपीट की घटनाएं सामने आती रही हैं। पूर्व में मारपीट के दौरान एक युवक की मौत का मामला भी सामने आ चुका है। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर नमो घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग उठने लगी है।




