मंत्री ए.के. शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने खुद की डिजिटल स्व-गणना कर दिया संदेश
लखनऊ। जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” अभियान के तहत शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय लालबाग स्थित झंडी पार्क में विशेष जागरूकता कार्यक्रम योजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों को डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जनगणना 2027 को सफल बनाने और अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस दौरान जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश की निदेशक शीतल वर्मा, नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविन्द कुमार राव समेत कई पार्षद, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री और महापौर ने खुद की डिजिटल स्व-गणना कर दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने परिवार की डिजिटल स्व-गणना कर नागरिकों को इसमें भागीदारी का संदेश दिया। नगर निगम के पार्षदों और अधिकारियों ने भी मौके पर ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को डिजिटल पोर्टल के जरिए स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
“जनगणना देश के विकास की आधारशिला” मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि देश के विकास की मजबूत आधारशिला है। इसके माध्यम से सरकार को जनसंख्या, आवास, संसाधनों और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर जनगणना अभियान को सफल बनाएं।
महापौर ने नागरिकों से सहयोग की अपील की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लखनऊ इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
हिंदी सहित क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगी सुविधा
जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश की निदेशक शीतल वर्मा ने बताया कि नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से हिंदी सहित विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशेष आईडी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका उपयोग सत्यापन प्रक्रिया में किया जाएगा।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।