उद्घाटन के महज दो महीने बाद लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की स्लैब टूटी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की स्लैब टूटकर गिरी, सरिया आई बाहर; निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। करीब दो महीने पहले उद्घाटन किए गए एक्सप्रेसवे के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र स्थित दरोगा खेड़ा में आजाद गेस्ट हाउस के पास स्लैब का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिरने का मामला सामने आया है।
मौके से सामने आई तस्वीरों में कंक्रीट परत का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। स्लैब और दीवार के हिस्से में दरारें नजर आ रही हैं, जबकि कंक्रीट टूटने के बाद सरिया भी बाहर दिखाई दे रही है। स्लैब का हिस्सा टूटकर नीचे गिरने की घटना के बाद एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, स्लैब का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिरा। सूत्रों के अनुसार, घटना के दौरान वहां से गुजर रहे दो मोटरसाइकिल सवारों को मामूली चोटें आने की सूचना है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। घटना की वास्तविक वजह भी संबंधित विभाग की तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सूचना इंडिया के विशेष संवाददाता मोहम्मद नसीर ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लिया। मौके की तस्वीरें एक्सप्रेसवे के क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थिति को साफ तौर पर सामने ला रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लखनऊ-कानपुर के बीच सफर को आसान बनाने के उद्देश्य से तैयार किए गए इस एक्सप्रेसवे में उद्घाटन के महज कुछ समय बाद ही स्लैब का हिस्सा कैसे टूट गया। कंक्रीट के क्षतिग्रस्त हिस्से से बाहर निकली सरिया और दिखाई दे रही दरारों ने भी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग और निर्माण एजेंसी मामले का संज्ञान लेकर मौके की तकनीकी जांच कराते हैं या नहीं। साथ ही जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि स्लैब टूटने की वजह निर्माण संबंधी तकनीकी खामी थी, बाहरी कारण था या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।
फिलहाल, सूचना इंडिया के पास सामने आई तस्वीरें क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थिति को दिखा रही हैं। मामले में संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।





