लखनऊ। केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह 5 से 7 जून तक तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही कई परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त करेंगे और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद भी करेंगे।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि रक्षा मंत्री 5 जून को सुबह 11:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह हिंद नगर में स्वर्गीय अशोक मोतियानी, कृष्णा नगर में स्वर्गीय दर्शन लाल तथा कैंट क्षेत्र की बड़ी लाल कुर्ती में रूपा देवी के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे।
इसी दिन दोपहर 12:15 बजे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कैंट स्थित कस्तूरबा पार्क में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास जाएंगे। शाम को दिलकुशा लॉन में आयोजित “बायोयुग ग्रीन कमांड” कार्यक्रम तथा सीतापुर रोड स्थित सेवा अस्पताल में आयोजित राम कथा महोत्सव में शामिल होंगे।
6 जून को रक्षा मंत्री गोमतीनगर के वास्तु खंड में प्रशांत सिंह अटल तथा निराला नगर में स्वर्गीय भगवती शुक्ला के परिजनों से मुलाकात करेंगे। शाम 6 बजे हरदोई रोड स्थित मिलेनियम पैलेस में पश्चिम मंडल-2 के प्रबुद्ध नागरिकों एवं गणमान्य लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
दौरे के अंतिम दिन 7 जून को वह आलमबाग स्थित जीपी होटल एंड बैंक्वेट में कैंट मंडल-1 के प्रबुद्ध नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
🔴 भाजपा संगठन भी रहेगा सक्रिय रक्षा मंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी पदाधिकारी विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान रक्षा मंत्री संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जनसंपर्क और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।