मीना दिवस पर रामपुर गढ़ौवा में गूंजा बालिका सशक्तीकरण का संदेश

मीना बनी दीपाली, बेटियों ने मनाया सपनों और आत्मविश्वास का जन्मदिन
मीना दिवस पर रामपुर गढ़ौवा में गूंजा बालिका सशक्तीकरण का संदेश, बीईओ ने मीना बनी बेटियों को दी शुभकामनाएं
उन्नाव। मीना दिवस के अवसर पर गुरुवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में मीना का जन्मदिन उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। खास बात यह रही कि विद्यालय की छात्रा दीपाली का जन्मदिन भी 24 सितंबर को ही था, इसलिए इस अवसर पर उसे मीना की भूमिका में सजाया गया। सहेलियों ने दीपाली को फूलों की माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और केक खिलाकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। दीपाली ने केक काटकर अपनी सहेलियों को वितरित किया।
विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बच्चों ने नवाचार के रूप में लगातार तीसरे वर्ष अपनाई गई व्हाइट ड्रेस पहनकर कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रधानाध्यापिका शशि देवी, शिक्षिका रमनजीत कौर, शिक्षक डॉ. प्रदीप वर्मा एवं इंद्रपाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
खंड शिक्षा अधिकारी औरास दीपेश कुमार ने मीना की भूमिका निभाने वाली बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने का अवसर देते हैं। मीना कार्यक्रम यूनिसेफ की पहल के तहत उत्तर प्रदेश में 2008-09 में लागू किया गया था। इसका उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।


