हुसड़िया चौराहा क्षेत्र में नगर निगम का सघन अतिक्रमण अभियान

जोन-4 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में कार्रवाई, ₹29,500 क्षतिपूर्ति वसूली और ठेला जब्त
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर में बढ़ते अतिक्रमण एवं यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को हुसड़िया चौराहा क्षेत्र में सघन अतिक्रमण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई।

🔴 जोन-4 की जोनल अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई
अभियान जोन-4 की जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी जी के नेतृत्व में चलाया गया। नगर निगम की टीम ने अखिलेश दास गुप्ता मार्ग से रामाश्रय मिष्ठान भंडार होते हुए हुसड़िया चौराहा तथा नगर निगम जोनल कार्यालय के पास तक सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की।

🔴 ठेले-गुमटियों पर कार्रवाई, ₹29,500 क्षतिपूर्ति वसूला
अभियान के दौरान अस्थायी ठेले एवं गुमटियों के माध्यम से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों से कुल ₹29,500 की क्षतिपूर्ति वसूली गई। साथ ही एक ठेले को जब्त किया गया।

🔴 गंदगी एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी अभियान
अतिक्रमण हटाने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की।


