30 हजार की रिश्वत लेते अलीगंज तहसील में एसडीएम का पेशकार गिरफ्तार,

एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर की कार्रवाई, रुपये लेते ही आरोपी को दबोचा; तहसील परिसर में मचा हड़कंप।
एटा/अलीगंज। अलीगंज तहसील में सरकारी काम कराने के नाम पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एसडीएम कार्यालय के पेशकार को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार को की गई। आरोपी के पकड़े जाने की खबर फैलते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सरकारी कार्यालय में काम कराने के एवज में रुपये मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन टीम को मिली थी। शिकायत के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सक्सेना और इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में करीब दस सदस्यीय टीम अलीगंज तहसील पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता को रुपये देकर पेशकार के पास भेजा और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।
जैसे ही पेशकार के हाथ में 30 हजार रुपये पहुंचे, एंटी करप्शन टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को अपने साथ ले गई।
तहसील परिसर में देर तक होती रही कार्रवाई
पेशकार की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही तहसील परिसर में कर्मचारियों और लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई को लेकर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। सरकारी काम के बदले कथित रूप से रकम मांगने के आरोप में हुई इस कार्रवाई से तहसील के कर्मचारियों में भी खलबली मच गई।
एंटी करप्शन टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में शिकायत, बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।




