FCTS प्लांट उद्घाटन के अगले दिन ही सामने आई जमीनी हकीकत
🔴 LSA के कॉम्पेक्टर प्लांट और जोन-4 कार्यालय के पास कूड़ा व नाले की मिट्टी का ढेर
एक ओर नगर निगम और लखनऊ स्वच्छता अभियान प्रा. लि. (LSA) भैंसोरा में आधुनिक FCTS प्लांट शुरू कर शहर की सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाने के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गोमती नगर विस्तार के वीआईपी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की जमीनी तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
🔴 जोन-4 कार्यालय के पास गंदगी का अंबार
राजीव गांधी प्रथम वार्ड के विनीत खंड-1 और 6 के बीच स्थित एक खाली प्लॉट में कूड़े के ढेर, नाले की सफाई से निकली मिट्टी और जलभराव का नजारा देखने को मिल रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह स्थान नगर निगम जोन-4 कार्यालय से महज करीब 600 मीटर की दूरी पर है, जबकि LSA का कॉम्पेक्टर प्लांट भी यहां से कुछ दूर स्थित है।
🔴 उद्घाटन के अगले दिन ही उठे सवाल
गुरुवार को भैंसोरा में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने आधुनिक तकनीक के जरिए शहर से कूड़े के ढेर समाप्त करने और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात कही थी। लेकिन उद्घाटन के अगले ही दिन सामने आई यह तस्वीर सवाल खड़े कर रही है कि जब जिम्मेदार अधिकारियों की नाक के नीचे ऐसी स्थिति है तो शहर के अन्य इलाकों की व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
🔴 स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लॉट में लंबे समय से कूड़ा डाला जा रहा है। नाले की सफाई के बाद निकाली गई मिट्टी भी यहीं छोड़ दी गई है, जिससे बरसात और जलभराव की स्थिति में दुर्गंध और गंदगी की समस्या बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
🔴 करोड़ों का भुगतान, फिर भी सवाल बरकरार
गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था के संचालन के लिए लखनऊ स्वच्छता अभियान प्रा. लि. को हर माह करोड़ों रुपये का भुगतान किया जाता है। इसके बावजूद वीआईपी क्षेत्र में कूड़े और गंदगी के ऐसे दृश्य सफाई व्यवस्था की निगरानी और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
🔴 अब कार्रवाई का इंतजार
हाईटेक प्लांट, आधुनिक मशीनों और बड़े-बड़े दावों के बीच अब निगाहें इस बात पर हैं कि जिम्मेदार अधिकारी इस स्थल की सुध कब लेते हैं। सवाल यह भी है कि जब जोनल कार्यालय और कॉम्पेक्टर प्लांट के आसपास ही यह स्थिति है तो शहर के दूरस्थ इलाकों की सफाई व्यवस्था कितनी प्रभावी होगी। स्थानीय नागरिकों को अब केवल दावों नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले बदलाव का इंतजार है।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।