उन्नाव:- गंगाघाट में पीएम स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडर्स को मिल रहा आत्मनिर्भर बनने का अवसर!!

उन्नाव से जिला संवाददाता अनुज तिवारी
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के माध्यम से रेहड़ी, पटरी और ठेला लगाकर अपना व्यवसाय करने वाले लोगों को नगर पालिका परिषद गंगाघाट द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को सशक्त बनाकर उन्हें कोई आत्मनिर्भर बनाना है।गंगाघाट नगर पालिका परिषद द्वारा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स इसका लाभ उठा सकें। योजना के तहत वेंडर्स को बिना किसी बड़ी जमानत के आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ भी मिलता है।
योजना में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है। निर्धारित संख्या में डिजिटल भुगतान करने वाले लाभार्थियों को कैशबैक का लाभ भी दिया जाता है। दिनांक 30 जून समय सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 तक आयोजित किया गया है, यह कैंप छोटे-छोटे दुकानदार, रेहड़ी, पटरी वालों और सिलाई का काम करने वाले के लिए ही है, इसमें 15000, 25000 व 50000 का लोन व उसके बाद क्रेडिट कार्ड तक की सुविधा है वहीं, समय पर ऋण का भुगतान करने वाले वेंडर्स को अगली बार अधिक राशि का ऋण प्राप्त करने का अवसर मिलता है, जिससे उनका व्यवसाय और अधिक विकसित हो सके।
नगर पालिका परिषद गंगाघाट ने पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाने के लिए संबंधित कार्यालय में संपर्क करें। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-111-979 पर संपर्क किया जा सकता है। इस योजना के माध्यम से हजारों छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिल रही है और वे अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सफल हो रहे हैं। पीएम स्वनिधि योजना वास्तव में छोटे कारोबारियों के लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रही है।



