लखनऊ। पुराने लखनऊ के हुसैनाबाद क्षेत्र में नगर निगम की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मामला नगर निगम लखनऊ के जोन-6 अंतर्गत वार्ड मल्लाही टोला सेकेंड का है, जहां यूनिटी कॉलेज के सामने मौलाना कल्बे आबिद रोड, हाता मिर्जा अली खान इलाके में करीब आठ दिन पहले नाले की सफाई तो करा दी गई, लेकिन नाले से निकला कूड़ा और सिल्ट अब तक मुख्य मार्ग पर ही पड़ा सड़ रहा है। भीषण गर्मी में उठ रही बदबू से स्थानीय लोगों और राहगीरों का जीना मुश्किल हो गया है।
🟥 जिम्मेदारी किसकी? विभागों के बीच उलझा सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर नाला सफाई के बाद कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी किस विभाग की है। स्वास्थ्य विभाग, अभियंत्रण विभाग या केंद्रीय कार्यशाला… कोई भी स्पष्ट जवाब देने को तैयार नहीं है। नाला साफ हुए एक सप्ताह से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन सड़क पर पड़ा कूड़ा नगर निगम की लापरवाही की कहानी बयान कर रहा है।
🟥 कॉलेज जाने वाले छात्र भी बदबू से परेशान
यूनिटी कॉलेज के सामने हालात इतने खराब हैं कि छात्र-छात्राओं को नाक पर हाथ रखकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि घरों के ठीक सामने सड़ता हुआ सिल्ट और कूड़ा बीमारी को न्योता दे रहा है। क्षेत्र में मच्छरों और संक्रमण का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
🟥 “ZSO व्यस्त, अभियंत्रण विभाग कमीशनबाजी में”
क्षेत्रीय लोगों में नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जबरदस्त नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि ZSO अपने कार्यों में व्यस्त हैं, जबकि अभियंत्रण विभाग को कथित कमीशनबाजी से फुर्सत नहीं मिल रही। नाले की सफाई तो फोटो और रिकॉर्ड के लिए कर दी जाती है, लेकिन उसके बाद सड़क पर पड़े कूड़े की किसी को चिंता नहीं रहती।
🟥 RR विभाग पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि RR विभाग की कार्यशैली को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं, लेकिन इस मामले में भी कोई जिम्मेदार अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम के अलग-अलग विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपनी जवाबदेही से बच निकलते हैं।
🟥 नगर आयुक्त के दावों पर भी सवाल
नगर आयुक्त गौरव कुमार लगातार शहर में विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दावे कर रहे हैं, लेकिन जोन-6 की यह तस्वीर उन दावों की हकीकत सामने ला रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क पर पड़ा सिल्ट और कूड़ा नहीं हटाया गया तो क्षेत्र में गंभीर बीमारी फैल सकती है।
🟥 “सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति”
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से सफाई अभियान सिर्फ कागजों और बैठकों तक सीमित होकर रह गया है। नाले की सफाई के बाद सिल्ट उठान की व्यवस्था न होना यह साबित करता है कि विभागों के बीच समन्वय पूरी तरह खत्म हो चुका है। लोगों ने तत्काल कूड़ा उठान और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।