एटा बिग ब्रेकिंग — अवागढ़ दोहरा हत्याकांड का खुलासा

25 हजार के इनामी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद एक की तलाश जारी।
एटा/अवागढ़। थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले हुए मां-बेटी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना अवागढ़ पुलिस ने स्वाट, इंटेलिजेंस और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित सियाराम समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर की रात प्रियंका और उसकी मां कमला देवी की सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में अवागढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
साजिश के तहत की गई हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि परिवार में प्रियंका के कथित आचरण को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते हत्या की योजना बनाई गई। रुकमपाल ने दिनेश को अवागढ़ बुलाया था, जबकि धर्मेंद्र के घर पर उसे ठहराया गया था। आरोप है कि 21 सितंबर की रात रुकमपाल के बुलाने पर आरोपी घर पहुंचे और सो रही प्रियंका व कमला देवी पर हथौड़े से वार कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने सियाराम और धर्मेंद्र को किला बाईपास रोड से तथा दिनेश को टुंडला-एटा रोड स्थित होटल के पास से गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है।
मामले में फरार आरोपी रुकमपाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी: सियाराम, दिनेश कुमार और धर्मेंद्र सिंह।
बरामदगी: वारदात में प्रयुक्त हथौड़ी।





